Blog

समग्र ब्राह्मण परिषद् छत्तीसगढ़ की रायपुर बैठक में बड़े निर्णय, प्रांत स्तरीय युवक-युवती एवं पुनर्विवाह परिचय सम्मेलन होगा आयोजित

रायपुर -: समग्र ब्राह्मण परिषद् छत्तीसगढ़ के रायपुर शहर निवासी सहयोगियों की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को पुरानी बस्ती स्थित श्री महामाया देवी मंदिर परिसर में उत्साह एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई. बैठक में संगठन की आगामी सामाजिक, धार्मिक एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी गतिविधियों पर व्यापक विचार-विमर्श करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए. बैठक में संगठन को प्रदेशभर में और अधिक सक्रिय एवं जन सरोकारों से जोड़ने की कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा हुई.

बैठक में निर्णय लिया गया कि परिषद् द्वारा संचालित प्रकृति श्रृंगार” अभियान के अंतर्गत आगामी 26 जुलाई अथवा 2 अगस्त को रायपुर में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा अधिकाधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना है. परिषद् के पदाधिकारियों ने अभियान को पूरे प्रदेश में जनभागीदारी के साथ संचालित करने का आह्वान किया.

सावन माह के धार्मिक आयोजनों पर चर्चा करते हुए सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 25 अगस्त, भौम प्रदोष के पावन अवसर पर संगठन परिवार के तत्वावधान में भगवान एकलिंग जी का विशेष पूजन, रुद्राभिषेक तथा मांगलिक दोष से प्रभावित जातकों की मंगल शांति के लिए विशेष वैदिक अनुष्ठान आयोजित किया जाएगा इस अवसर पर अधिक से अधिक श्रद्धालुओं एवं सामाजिक स्वजनों की सहभागिता सुनिश्चित करने की योजना बनाई गई.

बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय आगामी दिसंबर 2026 अथवा जनवरी 2027 में “प्रांत स्तरीय समग्र ब्राह्मण युवक-युवती एवं पुनर्विवाह परिचय सम्मेलन” आयोजित करने का रहा. सम्मेलन का उद्देश्य योग्य युवक-युवतियों एवं पुनर्विवाह के इच्छुक पात्रों को सामाजिक मंच उपलब्ध कराना, पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करना तथा समाज में सकारात्मक सोच और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है. आयोजन की तैयारियों के लिए शीघ्र ही विभिन्न समितियों का गठन कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी.

बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों, सामाजिक सेवा, धार्मिक आयोजनों, युवा सहभागिता तथा मातृशक्ति की सक्रिय भूमिका को और सशक्त बनाने पर भी विस्तृत चर्चा हुई. उपस्थित सभी सहयोगियों ने परिषद् के आगामी कार्यक्रमों को समाज के व्यापक सहयोग से सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया.

प्रदेश सचिव पं. सजल तिवारी ने बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए कहा कि समग्र ब्राह्मण परिषद् छत्तीसगढ़ केवल सामाजिक संगठन नहीं, बल्कि समाज में सेवा, संस्कार, संगठन और सांस्कृतिक चेतना का सशक्त माध्यम है. परिषद् पर्यावरण संरक्षण, धार्मिक जागरण एवं सामाजिक एकता को लेकर निरंतर जनहितकारी अभियान संचालित कर रही है और भविष्य में भी समाजहित के विविध कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी.

बैठक में प्रमुख रूप से श्रीमती खुशबु शर्मा, श्रीमती संध्या उपाध्याय, श्रीमती प्रीति तिवारी, पं. विजय पांडेय, पं. श्रीकांत तिवारी, डॉ. भावेश शुक्ला “पराशर” सहित रायपुर शहर के अनेक सहयोगी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *