Blog

रिकॉर्ड: महुआ सीड 5300 रुपए क्विंटल

मजबूती चरोटा और बबूल बीज में भी

बिलासपुर- महुआ सीड 5200 से 5300 रुपए क्विंटल। चरोटा और बबूल बीज 2200 से 2400 रुपए क्विंटल। वनोपज बाजार की नजर में यह कीमत भले ही सामान्य मानी जा रही हो लेकिन हैरान हैं वानिकी वैज्ञानिक कीमत को जानकर।

संग्रहण क्षेत्रों से आवक बेहद कमजोर। उपभोक्ता खरीदी भी सामान्य लेकिन तेजी की धारणा के बीच स्टॉकिस्टों की लिवाली निकली हुई है महुआ सीड, महुआ फूल, चरोटा और बबूल बीज में। इसलिए हल्की गर्मी इन तीनों प्रमुख वनोपज में आने लगी है। तेजी की दूसरी वजह यह भी कि क्योंकि नई फसल में कम से कम छह माह का लंबा वक्त है।


रिकॉर्ड बना रहा महुआ सीड

शाॅर्टनिंग में मानक मात्रा में मिश्रण की अनुमति। शाॅर्टनिंग प्राॅडक्शन करने वाली ईकाइयों की मांग ने महुआ सीड को पहली बार 5200 से 5300 रुपए की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचा दिया है। सीमित उपलब्धता और प्रतिस्पर्धी खरीदी का दौर चल रहा है क्योंकि त्यौहारों की मांग के अनुपात में आपूर्ति भी बनाए रखनी है। अलबत्ता सख्त जांच की वजह से महुआ फूल 4500 से 4600 रुपए क्विंटल पर शांत है। रही- सही कसर कमजोर गुणवत्ता पूरी कर रही है।


बोनी की मांग से मजबूत बबूल बीज

उत्तराखंड राज्य खरीदी करता है छत्तीसगढ़ से बबूल बीज की। नए जंगल तैयार करने के लिए बोनी की मांग इस वर्ष कमजोर है फिर भी मजबूती इसलिए बनी हुई है क्योंकि पशु आहार बनाने वाली इकाइयों की मांग बबूल बीज में है लेकिन वनोपज बाजार विक्रय में उत्तराखंड को प्राथमिकता दे रहा है। इसलिए 2300 से 2400 रुपए क्विंटल पर मजबूत है बबूल बीज। तेजी की धारणा से वनोपज बाजार फिलहाल इनकार कर रहा है।


निर्यात बंद है चरोटा में

जापान, ताइवान और मलेशिया के लिए चरोटा का निर्यात फिलहाल पूरी तरह बंद है। विदेश व्यापार विभाग से संपर्क बनाए हुए हैं वनोपज बाजार। उम्मीद की किरणों के बीच 3000 से 3500 रुपए क्विंटल की धारणा अब वापस 2200 से 2300 रुपए क्विंटल पर आकर स्थिर है चरोटा । गतिशीलता बनाए रखने के लिहाज से हो रहे सौदे भले ही मंदी की धारणा के बीच हो रहे हो लेकिन चल रही प्रति क्विंटल कीमत अब और नीचे नहीं जाएगी।

वर्जन
सामान्य है भाव और सौदे

महुआ, चरोटा और बबूल बीज राज्य के प्रमुख वनोपज हैं। बोली जा रही कीमत सामान्य है। खरीदी फिलहाल स्टॉकिस्टों के बीच ही है।
-सुभाष अग्रवाल, एसपी इंडस्ट्रीज, रायपुर

वर्जन
वनोपज की बढ़ती कीमतें बदलते बाजार संकेतों का परिणाम

महुआ सीड, बबूल बीज और चरोटा की कीमतों में मजबूती केवल बाजार की मांग का संकेत नहीं है, बल्कि सीमित उपलब्धता और प्राकृतिक वनोपज के बदलते आपूर्ति चक्र को भी दर्शाती है। विशेषकर महुआ सीड का 5300 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंचना संग्रहणकर्ताओं के लिए उत्साहजनक है, लेकिन इसके साथ गुणवत्तापूर्ण और सतत संग्रहण सुनिश्चित करना भी जरूरी है। यदि मांग इसी तरह बनी रही तो आने वाले समय में इन वनोपजों की आर्थिक उपयोगिता और वन-आधारित आजीविका दोनों को मजबूती मिल सकती है।

अजीत विलियम्स, साइंटिस्ट (फॉरेस्ट्री), बीटीसी कॉलेज ऑफ़ एग्रीकल्चर एंड रिसर्च स्टेशन, बिलासपुर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *