Blog

रिटायर्ड बैंककर्मी के सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों के सोने-चांदी सहित नगदी पर हाथ साफ

बिलासपुर – न्यायधानी में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गीतांजली विहार नेहरू नगर का है, जहां सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नगदी पार कर दी। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी देवदास वर्मा, जो कि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं, गीतांजली विहार नेहरू नगर में रहते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे 20 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 6 बजे अपने बेटे-बहू से मिलने रायपुर गए हुए थे। घर की देखरेख के लिए उन्होंने काम करने वाली बाई सीमा यादव को घर की चाबी दे रखी थी। 22 अप्रैल की सुबह करीब 9:30 बजे सीमा यादव ने फोन कर सूचना दी कि घर के मुख्य दरवाजे का कुंदा टूटा हुआ है और अंदर अलमारी खुली हुई है। सूचना मिलते ही देवदास वर्मा तत्काल बिलासपुर लौटे और दोपहर करीब 12 बजे घर पहुंचकर देखा तो मुख्य दरवाजे का कुंदा टूटा हुआ था।

बेडरूम में रखी अलमारी और लॉकर को अटैच कर तोड़ा गया था। चोरों ने अलमारी में रखे एक सोने का नेकलेस, तीन सोने की चेन, एक मंगलसूत्र, तीन सोने की अंगूठियां, एक जोड़ी टाप्स, एक जोड़ी झुमका, छह जोड़ी चांदी की पायल सहित नगदी 10 हजार रुपए पार कर दिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 7 लाख रुपए बताई जा रही है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर सिविल लाइन पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 305-बीएनएस एवं 331(4)-बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी है। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से नागरिकों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *