लालखदान ओवरब्रिज पर दर्दनाक हादसा…तेज रफ्तार कार ने ऑटो को मारी जोरदार ठोकर

..
ऑटो सवार पत्नी की मौत, पति और चालक गंभीर,
बिलासपुर । तोरवा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। तेज रफ्तार कार ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका पति और ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा लालखदान ओवरब्रिज पर सुबह करीब 5:30 बजे हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार, मस्तूरी थाना अंतर्गत मल्हार चौकी क्षेत्र के ग्राम धनगवां निवासी रणजीत डहरिया अपनी पत्नी बिरस बाई डहरिया के साथ गुजरात से रोजी-रोटी कमाकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। दोनों रविवार- सोमवार की दरम्यानी रात ट्रेन से बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। इसके बाद सोमवार सुबह करीब 5 बजे उन्होंने घर जाने के लिए ऑटो क्रमांक सीजी 10 एजी 7221 किराए पर लिया। ऑटो लालखदान ओवरब्रिज के ऊपर पहुंचा ही था कि सामने से तेज रफ्तार में आ रही कार क्रमांक सीजी 04 बीए 3294 ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने बिरस बाई डहरिया को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनके पति रणजीत डहरिया की हालत गंभीर बनी हुई है। ऑटो चालक को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिसमें उसके दोनों पैर टूटने की जानकारी सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
लालखदान पर हमेशा होता सड़क हादसा
बता दे कि लालखदान पर हमेशा सड़क हादसा होते रहता है।कुछ दिन पहले भी एक कार पलटी हुआ था जिसमें कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थीं।यही कारण की कोई न कोई मौत के घाट उतर जाता है या फिर गंभीर रूप से घायल हो जाता है।बावजूद इसके पुलिस विभाग सड़क हादसे पर रोक लगाने के लिए किसी तरह का बेहतर प्रयास नहीं कर रहा है।जिसके कारण लगातार हादसा हो रहा है।