लाला लाजपत राय नगर की जर्जर सड़कों से त्रस्त जनता: पूर्व विधायक प्रतिनिधि फराज़ खान की दो-टूक मांग— जल्द हो डामरीकरण

बिलासपुर | नगर पालिक निगम बिलासपुर के अंतर्गत आने वाले वार्ड क्रमांक 31 (लाला लाजपत राय नगर) की सड़कें इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही हैं। वार्ड की मुख्य और अंदरूनी सड़कों की जर्जर स्थिति तथा बड़े-बड़े गड्ढों के कारण क्षेत्रवासियों का जीवन संकटमय हो गया है।
इस गंभीर जनसमस्या को लेकर पूर्व विधायक प्रतिनिधि फराज़ खान ने नगर निगम आयुक्त को पत्र सौंपकर सड़कों के त्वरित डामरीकरण और मरम्मत की सख्त मांग की है। नवरात्रि में हजारों श्रद्धालुओं को उठानी पड़ रही फजीहत अपने पत्र में फराज़ खान ने प्रमुखता से उल्लेख किया कि वर्तमान में नवरात्रि का पावन पर्व चल रहा है, जिसके चलते इन बदहाल सड़कों से प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु और माता के भक्त आवागमन कर रहे हैं। सड़कों पर जगह-जगह बने जानलेवा गड्ढों और जलभराव की वजह से पैदल चलने वालों के साथ-साथ दोपहिया वाहन चालकों के लिए भी दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है। स्कूली बच्चों और बुजुर्गों की आवाजाही भी काफी प्रभावित हो रही है।
मांगें और प्रमुख बिंदु:
इंजीनियरों की टीम से तत्काल निरीक्षण: निगम प्रशासन से अपील की गई है कि वे जल्द से जल्द वार्ड 31 में इंजीनियरों की टीम भेजकर सड़कों की वास्तविक स्थिति का आकलन कराएं।
त्वरित डामरीकरण और मरम्मत: श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बिना देरी किए डामरीकरण का काम शुरू किया जाए।
आंदोलन की चेतावनी: यदि जल्द ही सड़क सुधार का कार्य प्रारंभ नहीं कराया गया, तो वार्डवासियों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।