शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो लाठी-डंडों से पीटा,सकरी पुलिस ने मुख्य आरोपी को दबोचा

साप्ताहिक बाजार से लौट रहे ग्रामीणों को लाखासार मोड़ के पास रोका
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
बिलासपुर।सकरी थाना क्षेत्र के लाखासार मोड़ के पास राहगीरों को रोककर शराब पीने के लिए जबरन पैसों की मांग करने और मना करने पर लाठी-डंडों व हाथ-मुक्के से बेरहमी से मारपीट करने वाले एक शातिर बदमाश को सकरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
सकरी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अनिल दास निवासी गया, बिहार; हाल मुकाम- विंध्यासर, सकरी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 17 मई 2026 को वह अपने साथी सुनील दास के साथ राशन का सामान खरीदने सकरी साप्ताहिक बाजार आया था। रात में दोनों सामान लेकर वापस विंध्यासर लौट रहे थे। जैसे ही वे लाखासार मोड़ के पास पहुंचे, तभी काठाकोनी निवासी ईश्वर यादव और संजीत जांगड़े उर्फ विक्कू ने उनका रास्ता रोक लिया।
बदमाशों ने प्रार्थी और उसके साथी से शराब पीने के लिए रुपयों की मांग की। जब प्रार्थी ने पैसे देने से साफ मना कर दिया, तो दोनों आरोपी भड़क गए और मां-बहन की गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाशों ने प्रार्थी और उसके साथी पर लाठी और हाथ-मुक्के से ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें लहुलूहान कर दिया।
कप्तान के निर्देश पर थाना प्रभारी ने की त्वरित कार्रवाई
सड़क पर डरा-धमकाकर अवैध वसूली और मारपीट की इस घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में सकरी थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चौधरी ने तुरंत पुलिस टीम रवाना की। पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी
ईश्वर यादव उर्फ सत्तु पिता रघुनंदन यादव उम्र 24 वर्ष निवासी ग्राम काठाकोनी, थाना सकरी को महज कुछ ही घंटों में धरदबोचा।
फरार आरोपी जल्द होगा सलाखों के पीछे
सकरी पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है, जिसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। मामले का दूसरा आरोपी संजीत जांगड़े उर्फ विक्कू अभी फरार है। पुलिस का दावा है कि उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।