Blog

सुशासन के दावों पर सवाल, बिलासपुर के मंगला में 10 दिन से ब्लैकआउट

बिजली गुल, पानी बंद… घर छोड़ने को मजबूर हुए परिवार…

10 दिन से अंधेरे में जिंदगी, आखिर कब जागेगा बिजली विभाग?

बिलासपुर।छत्तीसगढ़ सरकार इन दिनों सुशासन तिहार के जरिए लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के बड़े-बड़े दावे कर रही है। लेकिन न्यायधानी बिलासपुर से महज कुछ किलोमीटर दूर लोखंडी रोड स्थित दीनदयाल अर्चना विहार कॉलोनी की तस्वीर इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है। यहां के सैकड़ों परिवार पिछले 10 दिनों से भीषण बिजली संकट का सामना कर रहे हैं। कॉलोनी में कई बिजली खंभे गिरे पड़े हैं, जिसके कारण पूरा इलाका अंधेरे में डूबा हुआ है। लगातार शिकायतों के बावजूद बिजली विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में भारी नाराजगी है। परेशान कॉलोनीवासियों ने अब कलेक्टर जनदर्शन पहुंचकर अपनी पीड़ा सुनाई है।

दरअसल लोखंडी रोड स्थित दीनदयाल अर्चना विहार कॉलोनी के रहवासियों का कहना है कि पिछले 10 दिनों से बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप है। बिजली नहीं होने से पानी की सप्लाई भी प्रभावित हो गई है, जिससे लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। हालात इतने खराब हैं कि कई परिवार अपने घरों में ताला लगाकर रिश्तेदारों के यहां रहने को मजबूर हो गए हैं। रहवासियों का आरोप है कि बिजली खंभे गिरने की सूचना कई बार विभाग को दी गई, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी केवल आश्वासन देते रहे।कॉलोनी वासियों का कहना है कि विभाग की ओर से कॉलोनी को अवैध बताकर जिम्मेदारी से बचने की कोशिश की जा रही है। लोगों ने सवाल उठाया कि यदि कॉलोनी अवैध थी तो शुरुआत में बिजली कनेक्शन और अन्य सुविधाओं की अनुमति कैसे दी गई।मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *