भीषण गर्मी में एक महीने से पानी की समस्या से जूझ रहे वार्ड के लोग

बिलासपुर।भीषण गर्मी के बीच बिलासपुर शहर के कई इलाकों में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। खासकर नगर निगम के वार्ड क्रमांक 32 और 40 के रहवासी पिछले करीब एक महीने से पानी की भारी किल्लत का सामना कर रहे हैं। हालात ऐसे हो चुके हैं कि लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी जूझना पड़ रहा है, वहीं पीने के पानी के लिए कई परिवार खरीदकर पानी लेने को मजबूर हैं।स्थानीय लोगों का आरोप है कि वार्ड में पानी सप्लाई पूरी तरह चरमरा गई है, लेकिन जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। भीषण गर्मी में जहां लोगों को नियमित पानी की सबसे ज्यादा जरूरत है, वहीं वार्डवासियों को घंटों इंतजार के बाद भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा।रहवासियों का कहना है कि चुनाव के दौरान नेताओं ने क्षेत्र में मूलभूत सुविधाएं बेहतर करने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन चुनाव खत्म होते ही जनप्रतिनिधि नजर नहीं आ रहे हैं। पानी, सफाई और अन्य जरूरी सुविधाओं की समस्या लगातार बनी हुई है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है,महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई जगहों पर लोग दूर-दूर से पानी भरकर ला रहे हैं, जबकि कुछ परिवार निजी टैंकर मंगाकर जरूरत पूरी कर रहे हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह संकट और भी गंभीर बन गया है।भीषण गर्मी और लगातार बढ़ती परेशानी के बीच वार्डवासियों में अब खासा आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोगों ने जल्द समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन और निगम कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी भी दी है।