शराब लेने गए युवक का धक्का मुक्की से विवाद,फिर चाकू मारकर कर दी हत्या,चंद मिनटों में चली गई जान,चाकू कांड का आरोपी और नाबालिग गिरफ्तार

बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के सिलपहरी शराब दुकान के पास आपसी विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में सिरगिट्टी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी के साथ एक अपचारी बालक को भी पकड़ा है। दोनों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया गया है।
सिरगिट्टी पुलिस के अनुसार 28 अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे राकेश प्रजापति अपने दोस्त जितेन्द्र साहू के साथ हरदीकला स्थित शराब दुकान गया था। शराब खरीदने के दौरान वहां दो युवकों से राकेश का धक्का-मुक्की को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों युवक शराब दुकान के बाहर राकेश से झगड़ने लगे। इसी दौरान आरोपियों ने राकेश के पेट में चाकू से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से राकेश की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। एसएसपी रजनेश सिंह ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एएसपी शहर, सीएसपी सिविल लाइन
तथा थाना प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी आकाश चौधरी के मार्गदर्शन में सिरगिट्टी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिरों को सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पुलिस ने आरोपी राजा मनहर 25 वर्ष निवासी कोरमी मोड़ के पास, सिरगिट्टी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में अपचारी बालक ने अपने साथी राजा मनहर के साथ मिलकर राकेश के पेट में चाकू मारने की बात स्वीकार की। दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
सीसीटीवी फुटेज से पकड़ाए आरोपी
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगो से पूछताछ करने के बाद आरोपियों के बारे में पता चला और उसके बाद आरोपियों की खोजबीन की गई जिसकी वजह से आरोपियों का पता चल सका।पकड़े गए आरोपियों को रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया गया है।