Blog

सावन माह में जलेश्वर धाम, अमरकंटक एवं कबीर चबूतरा क्षेत्र का पुलिस अधिकारियों ने किया संयुक्त निरीक्षण

श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने पुलिस रही पूरी तरह सतर्क

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही।सावन माह के दौरान जलेश्वर महादेव मंदिर,अमरकंटक एवं कबीर चबूतरा क्षेत्र में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को दृष्टिगत रखते हुए आमजन की सुरक्षा एवं सुदृढ़ कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक गौरेला-पेंड्रा-मरवाही श्री मनोज कुमार खिलारी एवं पुलिस अधीक्षक अनूपपुर श्री विक्रांत मुराब द्वारा संयुक्त रूप से क्षेत्र का भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान दोनों पुलिस अधीक्षकों ने मंदिर परिसर अमरकंटक, जलेश्वर, कबीर चबूतरा क्षेत्र के पार्किंग स्थल, प्रमुख मार्गों तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले स्थानों का जायजा लेकर सुरक्षा व्यवस्था का अवलोकन किया। इस दौरान अनूपपुर जिले के संबंधित थाना प्रभारी एवं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

दोनों जिलों की पुलिस द्वारा समन्वय स्थापित करते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुचारु यातायात, भीड़ नियंत्रण तथा किसी भी आपात स्थिति से त्वरित रूप से निपटने के लिए आवश्यक पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है।

पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता, संवेदनशीलता एवं अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं से भी अपील की गई कि वे पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही एवं अनूपपुर पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से पूरे सावन माह के दौरान सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतत निगरानी रखी जा रही है, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में भगवान जलेश्वर महादेव एवं अमरकंटक मंदिर के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *