Blog

सावन में ट्रेनें रद्द होने पर सियासत गरम, बाबा धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की परेशानी पर कांग्रेस का हमला

कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने रेल प्रशासन से कहा- फैसला वापस लें,

सावनभर सप्ताह में दो दिन स्पेशल ट्रेन चलाएं; जीएम रेलवे और केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू को लिखा पत्र

बिलासपुर। पवित्र सावन माह के दौरान ट्रेनों के रद्द किए जाने के फैसले को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रिया तेज हो गई है। कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने रेल प्रशासन से तत्काल रद्द ट्रेनों को बहाल करने की मांग करते हुए कहा कि सावन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम (बाबाधाम) की यात्रा करते हैं। ऐसे समय में ट्रेनों को रद्द करने से हजारों यात्रियों और कांवड़ियों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अटल श्रीवास्तव ने रेलवे महाप्रबंधक तथा केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री एवं बिलासपुर सांसद तोखन साहू को पत्र लिखकर रेल प्रशासन के निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि चक्रधरपुर रेल मंडल में चल रहे मेंटेनेंस कार्य के कारण बिलासपुर से संचालित कई नियमित ट्रेनों को रद्द या प्रभावित किए जाने की जानकारी मिलते ही बोल बम यात्री समिति और बाबाधाम जाने वाले श्रद्धालुओं में नाराजगी है। उनका कहना है कि रेल प्रशासन को ऐसा निर्णय लेने से पहले सावन माह में यात्रियों की बढ़ी हुई संख्या और धार्मिक महत्व का ध्यान रखना चाहिए था।
विधायक ने कहा कि बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव सहित पूरे छत्तीसगढ़ से हर साल हजारों श्रद्धालु सावन में बाबाधाम के दर्शन के लिए जाते हैं। कई यात्री महीनों पहले घंटों लाइन में लगकर आरक्षण कराते हैं। ट्रेनें रद्द होने से उनकी यात्रा प्रभावित हो गई है और वैकल्पिक व्यवस्था भी उपलब्ध नहीं कराई गई है।
अटल श्रीवास्तव ने मांग की कि पहले से आरक्षण करा चुके यात्रियों और श्रद्धालुओं के हितों को देखते हुए रेल प्रशासन तत्काल ट्रेनों की बहाली का निर्णय ले। साथ ही पूरे सावन माह के दौरान छत्तीसगढ़ से बाबाधाम के लिए सप्ताह में दो दिन विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की जाए।
इस मांग के समर्थन में मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, पूर्व विधायक शैलेष पाण्डेय, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अभयनारायण राय, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष प्रमोद नायक, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेन्द्र शुक्ला, जितेन्द्र पाण्डेय और शिव बालक कौशिक सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी रेल प्रशासन से निर्णय वापस लेने का आग्रह किया है।
कांग्रेस नेताओं ने इस संबंध में रेलवे जोन के महाप्रबंधक और केंद्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद तोखन साहू को पत्र भेजकर सावन माह में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *