Blog

सुबह 6 बजे ED की दस्तक, पूर्व CM भूपेश बघेल के PA रहे केके चंद्रवंशी के घर रेड; 2 से 3 गाड़ियों में पहुंची टीम, अंदर खंगाले जा रहे कागजात…

भिलाई। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई एक बार फिर चर्चा में है। 1 सितंबर की सुबह ED की टीम ने भिलाई में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के PA रहे केके चंद्रवंशी के घर दबिश दी। करीब 2-3 गाड़ियों में पहुंची टीम ने सुबह करीब 6 बजे घर में प्रवेश किया और दस्तावेजों समेत अन्य जरूरी सामान की जांच शुरू कर दी।

कार्रवाई के दौरान घर के बाहर पुलिस बल भी तैनात रहा। सुबह-सुबह ED की टीम के पहुंचने से इलाके में हलचल बढ़ गई। फिलहाल ED की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि चंद्रवंशी के घर पर हुई यह कार्रवाई किस मामले या जांच से जुड़ी है।

12 दिन पहले शराब घोटाला केस में कई ठिकानों पर रेड

केके चंद्रवंशी के घर हुई कार्रवाई ऐसे समय में सामने आई है, जब करीब 12 दिन पहले ED ने कथित शराब घोटाला मामले में रायपुर, दुर्ग-भिलाई और धमतरी में कई ठिकानों पर दबिश दी थी।

रायपुर में कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के अनुपम नगर स्थित निवास और धमतरी में सिहावा रोड स्थित उनके घर पर ED की कार्रवाई करीब 9 घंटे चली थी। बताया गया कि टीम अपने साथ कुछ अहम दस्तावेज भी लेकर गई थी। रामगोपाल अग्रवाल को जांच एजेंसियों की ओर से शराब, कोल और कस्टम मिलिंग घोटाले से जुड़े मामलों में आरोपी बनाया गया है।वहीं दुर्ग में बिल्डर सजल जैन और विश्वास गुप्ता के घर भी ED की टीम पहुंची थी। करीब सात अधिकारियों की टीम ने दोनों ठिकानों पर जांच की थी।

अब चंद्रवंशी के घर ED की कार्रवाई क्यों?

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि केके चंद्रवंशी के घर ED की टीम किस मामले में पहुंची है? क्या इसका संबंध कथित शराब घोटाले से है या किसी अन्य जांच से, इसे लेकर अभी आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

ED की कार्रवाई पूरी होने और जांच एजेंसी की ओर से आधिकारिक जानकारी जारी किए जाने के बाद ही इस छापेमारी की वजह और जांच के दायरे का पता चल सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *