सेवा संकल्प अभियान: बदलाव की कहानी,स्मार्ट फोन बना पढ़ाई का साथी, स्मार्ट केन ने आसान की राह

बिलासपुर/विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों के लिए सही तकनीकी साधन उनकी पढ़ाई और दैनिक जीवन को आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बिलासपुर जिले के तिफरा निवासी कक्षा 10वीं के छात्र आशीष पाटले के जीवन में केंद्र सरकार की एडीप योजना के तहत मिले स्मार्ट फोन और स्मार्ट केन ऐसे ही उपयोगी साधन बने हैं। इन उपकरणों ने आशीष के लिए अध्ययन सामग्री तक पहुंच आसान करने के साथ ही आवागमन में भी सुविधा प्रदान की है। अब वह तकनीक के सहारे अपनी पढ़ाई को बेहतर तरीके से आगे बढ़ा रहे हैं और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर कदम बढ़ा रहे हैं।
विशेष आवश्यकता वाले छात्र होने के कारण, आशीष को पहले विषय वस्तु के अध्ययन और आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इन चुनौतियों को दूर करने के लिए समाज कल्याण विभाग के माध्यम से उन्हें एडीआईपी
योजना के तहत ‘स्मार्ट फोन’ और ‘स्मार्ट केन’ प्रदान की गई। इन उपकरणों के प्राप्त होने से उनके जीवन में बड़ा सकारात्मक बदलाव आया; उनका बौद्धिक अधिगम सुगम हो गया तथा मोबिलिटी में काफी सुधार हुआ। योजना से मिले इस लाभ पर खुशी व्यक्त करते हुए आशीष बताते हैं, “स्मार्ट फोन एवं स्मार्ट केन हमारे पुनर्वास में अत्यधिक प्रभावी है। स्मार्ट फोन के उपयोग से विषय वस्तु से संबंधित ऑडियो, पीडीएफ आसानी से उपलब्ध हो जाते हैं, जिससे अधिगम सरल हुआ है।”