Blog

स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का अभियान,सकरी में लोगों से भरवाए विरोध के आवेदन

जिला कांग्रेस अध्यक्ष बोले- बढ़े बिजली बिल से जनता परेशान,स्मार्ट मीटर बंद करने की मांग

बिलासपुर। बढ़े बिजली बिल और स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश कांग्रेस और जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर सकरी क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर लोगों से स्मार्ट मीटर के विरोध में आवेदन भरवाए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल में बढ़ोतरी की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे आम लोग परेशान हैं।

दरअसल अभियान की शुरुआत से पहले सकरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसमें जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता आशीष सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे। बैठक के बाद कार्यकर्ताओं ने स्थानीय लोगों से संपर्क कर स्मार्ट मीटर बंद करने की मांग को लेकर विरोध स्वरूप आवेदन भरवाए।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने कहा कि स्मार्ट मीटर आम जनता के लिए परेशानी का कारण बन गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान लोगों को बिजली बिल हाफ योजना का लाभ मिलता था, जबकि वर्तमान भाजपा सरकार में स्मार्ट मीटर के कारण अत्यधिक और मनमाना बिजली बिल आने की शिकायतें मिल रही हैं।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता आशीष सिंह ने कहा कि स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को बूथ और मोहल्ला स्तर तक पहुंचाने की अपील की।

घर-घर जाकर दर्ज कराएंगे शिकायत

सकरी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अमित साहू ने कहा कि स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता अब घर-घर जाएंगे। लोगों से आवेदन भरवाकर उनकी शिकायतों और विरोध को दर्ज कराया जाएगा। इसके माध्यम से सरकार तक जनता की समस्या पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। कांग्रेस का कहना है कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में स्मार्ट मीटर के बाद बढ़े बिजली बिल को लेकर उपभोक्ताओं की शिकायतें बढ़ी हैं और इसी समस्या के खिलाफ वह अभियान चला रही है।अभियान के दौरान राजू साहू, अमित भारते, संदीप मिश्रा, मंडल अध्यक्ष मथुरा सूर्यवंशी, नरोत्तम पटेल, रामकुमार पटेल सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *