Blog

हत्या की कोशिश के आरोप में एक दबोचा, दो की तलाश,मकान बनाने की बात पर बवाल, जान से मारने की नीयत से हमला

बिलासपुर। घर की दीवार से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। मकान निर्माण को लेकर उपजे विवाद में तीन लोगों ने पड़ोसी और उसके पिता पर डंडों से हमला कर उन्हें जान से मारने की कोशिश की। घटना के बाद बिल्हा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
घटना बिल्हा थाना क्षेत्र के ग्राम डोडकी की है। पीड़ित रमेश कुमार कोसले ने पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया कि 13 जुलाई की सुबह घर की दीवार से हटकर मकान बनाने की बात को लेकर पड़ोसी रामू यादव, रामजीवन यादव और सोहन यादव विवाद करने लगे। देखते ही देखते तीनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि हमला जान से मारने की नीयत से किया गया, जिसमें रमेश और उसके पिता अंजोरदास को चोटें आईं।
शिकायत मिलते ही बिल्हा पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम जब गांव पहुंची तो रामू यादव और रामजीवन यादव फरार मिले, जबकि सोहन यादव को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में सोहन यादव ने अपने पुत्र के साथ मिलकर मारपीट करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय भेज दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *