Blog

हर घर तिरंगा अभियान के तहत भाजपा कार्यालय में भाजपा जिलाध्यक्ष ने फहराया तिरंगा

बिलासपुर। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर प्रारंभ हुए ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देशानुसार एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव के आह्वान पर भाजपा जिला बिलासपुर शहर द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में भाजपा जिला बिलासपुर शहर के जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर ने करबला स्थित भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। इस अवसर पर उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर ने कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन-बान और शान का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर प्रारंभ हुआ ‘हर घर तिरंगा अभियान’ देशवासियों में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक मजबूत करने वाला अभियान है। तिरंगे के प्रति सम्मान प्रत्येक भारतीय के मन में स्वाभाविक रूप से विद्यमान है और इस अभियान के माध्यम से हम अपने राष्ट्र के प्रति गौरव एवं जिम्मेदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को अपने घर पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित कर रहे है तथा तिरंगा यात्रा के माध्यम से राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता करने का आह्वान किया।
सभी ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष के साथ राष्ट्रध्वज के प्रति अपना सम्मान प्रकट किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष वैभव गुप्ता, व्यापार प्रकोष्ठ जिला संयोजक नीतिन छाबड़ा, सोशल मीडिया जिला संयोजक देवेश खत्री, महर्षि बाजपेयी, शानुल खान, निलेश सिंह, सन्नी थदानी, राजेश आहुजा, राकेश अग्रवाल, बलजीत खुराना, मनोज मनसुखानी, मोहन जैसवानी, प्रदीप गुप्ता, सैंकी सलुजा, अमित मटरेजा, हार्दिक तेजाणी, आशुतोष साव, प्रवीण खंडुजा, अमन होरा, जसबीर गांधी, हरविंदर सिंह मक्कड़, जतिन पुरी जस्सी, गोविंद आमनानी, राजेन्द्र ताम्रकार सहित भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *