एफसीआई गोदाम में सड़ रहा चावल, बदबू से आसपास के व्यापारियों की बढ़ी मुश्किलें

बिलासपुर । बारिश के बाद एफसीआई के गोदाम में सड़ रहे चावल से उठ रही तेज बदबू ने आसपास के व्यापारियों की परेशानी बढ़ा दी है। व्यापारियों का कहना है कि बारिश के दौरान गोदाम में पानी भर गया था, जिसके चलते नीचे रखे चावल की बोरियां खराब हो गईं। अब इनसे इतनी तेज बदबू उठ रही है कि गोदाम के आसपास कुछ देर खड़ा रहना भी मुश्किल हो रहा है। व्यापारियों ने एफसीआई प्रबंधन से खराब चावल को जल्द हटाने की मांग की है.
दरअसल बारिश के बाद अब सड़े चावल की बदबू ने व्यापारियों की परेशानी बढ़ा दी है। तस्वीरें बिलासपुर के एफसीआई गोदाम की हैं, जहां व्यापारियों के मुताबिक बारिश का पानी अंदर पहुंच गया था। पानी भरने के कारण नीचे रखी चावल की बोरियां खराब हो गईं और अब सड़ चुके चावल से तेज दुर्गंध उठ रही है।व्यापारियों का कहना है कि हालात ऐसे हैं कि गोदाम के आसपास कुछ देर खड़ा रहना भी मुश्किल हो रहा है। बदबू लगातार फैल रही है और आसपास के व्यापारिक इलाके में इसका असर महसूस किया जा रहा है। इसी समस्या को लेकर बिलासपुर मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष नानकराम खटूजा और व्यापारी दीपक गुप्ता ने एफसीआई गोदाम पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। व्यापारियों ने वहां मौजूद डिप्टी प्रबंधक अनुकुमार से मुलाकात कर खराब चावल को जल्द हटाने की मांग की। व्यापारियों के मुताबिक बातचीत के दौरान एफसीआई प्रबंधन ने माना कि नीचे रखी कुछ चावल की बोरियां बारिश के पानी की वजह से खराब हुई हैं। अधिकारियों ने बताया कि पहले ऊपर रखे अच्छे चावल को हटाया जाएगा, इसके बाद नीचे रखे खराब चावल को बाहर निकालकर उसका निपटारा किया जाएगा।
प्रबंधन ने समस्या को दूर करने के लिए दो से चार दिन का समय मांगा
व्यापारियों का कहना है कि एफसीआई प्रबंधन ने समस्या को दूर करने के लिए दो से चार दिन का समय मांगा है। फिलहाल व्यापारी प्रबंधन के आश्वासन का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि अगर तय समय में सड़ा हुआ चावल नहीं हटाया गया तो एफसीआई के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई जाएगी। व्यापारियों के मुताबिक बारिश के दौरान आसपास के कई व्यापारिक प्रतिष्ठानों में भी पानी घुसा था और उन्हें नुकसान उठाना पड़ा। ऐसे में अब गोदाम से उठ रही बदबू ने परेशानी और बढ़ा दी है।फिलहाल एफसीआई प्रबंधन के सामने चुनौती खराब चावल को जल्द से जल्द हटाने की है। व्यापारियों को उम्मीद है कि दिए गए समय के भीतर कार्रवाई होगी और लंबे समय से परेशान कर रही बदबू से राहत मिलेगी।