Blog

हाउसिंग बोर्ड में फाइल गुम, फरियादी ने अधिकारी को दिए बादाम, कहा – याददाश्त बढ़ाइए

बिलासपुर । हाउसिंग बोर्ड कार्यालय की लापरवाही का एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक साल से अपनी फाइल के लिए चक्कर काट रहे व्यक्ति ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाया। उसने अधिकारी को बादाम भेंट कर उनकी “याददाश्त बढ़ाने” की सलाह दे दी। बिलासपुर के अभिलाषा परिसर, तिफरा स्थित हाउसिंग बोर्ड कार्यालय में एक व्यक्ति पिछले एक साल से नामांतरण के लिए भटक रहा है। पीड़ित तरुण साहू ने बताया कि उसने EWS फ्लैट की रजिस्ट्री कराने के बाद सभी दस्तावेज जमा कर दिए थे। आम तौर पर नामांतरण की प्रक्रिया 1 से 2 महीने में पूरी हो जाती है, लेकिन यहां 7 महीने तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। जब पीड़ित ने दोबारा कार्यालय पहुंचकर जानकारी ली, तो उसे बताया गया कि नामांतरण हो चुका है, लेकिन फाइल नहीं मिल रही है। पीड़ित का आरोप है कि पिछले 6 महीनों में वह 50 से ज्यादा बार कार्यालय के चक्कर लगा चुका है, लेकिन हर बार उसे यही जवाब मिलता है कि फाइल गायब है। लगातार टालमटोल से परेशान होकर आज पीड़ित ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाया। वह 500 ग्राम बादाम लेकर कार्यालय पहुंचा और उप संपदा अधिकारी पूनम बंजारे को देते हुए कहा कि इसे खाने से उनकी याददाश्त तेज होगी। अब सवाल यह है कि आखिर एक साल में भी फाइल क्यों नहीं मिली और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होगी, यह देखना बाकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *