11 केवी हाईटेंशन तार की चपेट में आकर दो मजदूरों की मौत,मकान मालिक पर केस

सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर निर्माण कार्य कराने का आरोप,
जांच में नोटिस के बावजूद काम जारी रखने की बात आई सामने
बिलासपुर। स्वर्ण जयंती नगर में निर्माणाधीन मकान की तीसरी मंजिल पर काम करने के दौरान 11 केवी हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आकर दो मजदूरों की मौत के मामले में पुलिस ने मकान मालिक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का अपराध दर्ज किया है। पुलिस की जांच में प्रथम दृष्टया सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर मजदूरों से निर्माण कार्य कराए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामले में मकान मालिक अनूप सिंह के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना 4 अगस्त की है। स्वर्ण जयंती नगर स्थित अनूप सिंह के निर्माणाधीन मकान की तीसरी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान वहां काम कर रहे मजदूर भूपेन्द्र कुमार साहू और रवि कुमार बंजारे 11 केवी हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गए। करंट का जोरदार झटका लगने से दोनों मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। जांच की जिम्मेदारी प्रधान आरक्षक ब्रजेश मिश्रा को दी गई। मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने मृतकों के परिजनों और घटना से जुड़े लोगों के बयान दर्ज किए। इसके साथ ही नगर निगम से निर्माण कार्य और मकान से संबंधित आवश्यक जानकारी भी जुटाई गई।
तार के खतरे की जानकारी के बावजूद कराया जा रहा था काम
जांच के दौरान पुलिस के सामने यह तथ्य आया कि निर्माणाधीन मकान के बेहद करीब से 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही थी। मकान मालिक को बिजली तार की स्थिति और उससे उत्पन्न होने वाले खतरे की जानकारी होने के बावजूद मजदूरों से तीसरी मंजिल पर निर्माण कार्य कराया जा रहा था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि नोटिस दिए जाने के बाद भी 11 केवी हाईटेंशन लाइन के पास निर्माण कार्य कराए जाने की बात सामने आई है। निर्माण के दौरान मजदूरों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम नहीं किए गए थे। हाईटेंशन लाइन और निर्माणाधीन भवन के बीच पर्याप्त सुरक्षा दूरी नहीं होने के बावजूद काम जारी रखा गया।
लापरवाही को माना हादसे की मुख्य वजह
मर्ग जांच और जुटाए गए दस्तावेजों तथा बयानों के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया माना कि हादसा निर्माण कार्य के दौरान बरती गई लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण हुआ। पुलिस के अनुसार, यदि हाईटेंशन लाइन के खतरे को देखते हुए आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाते तो हादसा टाला जा सकता था।
जांच के बाद पुलिस ने मकान मालिक अनूप सिंह के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या की धारा के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मामले में आगे की जांच कर रही है। जांच के दौरान निर्माण कार्य में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और सुरक्षा मानकों से संबंधित पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।