Blog

23 सोलर पैनल और 100 मीटर केबल उड़ा ले गए चोर

चौकीदार की मौजूदगी के बावजूद रात में हो गई चोरी

सिविल लाइन पुलिस जुटी जांच में

बिलासपुर।स्मार्ट सिटी योजना के तहत ओमनगर जरहाभाठा स्थित जतिया तालाब परिसर में लगाए गए सोलर पैनलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां रात के अंधेरे में चोरों ने 23 सोलर पैनल और करीब 100 मीटर डीसी केबल वायर पार कर दिया। चोरों ने
अन्य सोलर पैनलों में भी तोड़फोड़ कर उनके डीसी तार काटकर नुकसान पहुंचाया है।

सिविल लाइन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। व्यापार विहार निवासी अनुराग मानिकपुरी एक सोलर कंपनी में काम करते हैं। उन्होंने बताया कि स्मार्ट सिटी योजना के
अंतर्गत जतिया तालाब के चारों ओर परिसर में सोलर पैनल लगाए गए हैं, जो वर्ष 2023-24 से संचालित हैं। रात करीब 11 बजे से सुबह छह बजे के बीच चोरों ने सोलर पैनल चोरी करने की वारदात को अंजाम दिया। अनुराग के मुताबिक, जतिया तालाब परिसर में
चौकीदार रेवा यादव की ड्यूटी रहती है। घटना की जानकारी भी चौकीदार ने ही उन्हें दी। सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे और सोलर पैनलों की जांच की। जांच में 23 पैनल और करीब 100 मीटर डीसी केबल वायर गायब मिला। इसके अलावा कई अन्य पैनलों के तार काटकर उन्हें क्षतिग्रस्त किया गया था।

बड़े वाहन के इस्तेमाल की आशंका

एक साथ 23 सोलर पैनल और करीब 100 मीटर केबल चोरी होने से वारदात में एक से अधिक लोगों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। इतने पैनलों को अकेले व्यक्ति द्वारा खोलकर ले जाना और फिर उन्हें घटनास्थल से बाहर पहुंचाना आसान नहीं है। ऐसे में आशंका है कि चोरी में कई लोग शामिल रहे होंगे और सामान को ले जाने के लिए किसी बड़े वाहन का इस्तेमाल किया गया होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *