80 निराश्रित मवेशियों को ले जा रहे चरवाहों पर हमला
खैरा क्रिकेट मैदान के पास चोरी का आरोप लगाकर की पिटाई
बिलासपुर।मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम खैरा में निराश्रित मवेशियों को गौठान ले जा रहे चरवाहों पर चोरी का आरोप लगाकर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है।
आरोप है कि तीन लोगों ने चरवाहों को रोककर लाठी-डंडों और हाथ मुक्कों से हमला कर दिया, जिससे कई लोगों को चोटें आईं। पीड़ित की शिकायत पर मस्तूरी पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दरअसल 6 अगस्त को वह श्रीराम, पुहुप राम, जोत राम, खोलू और अंजोर के साथ करीब 80 निराश्रित गायों को लेकर
कोरबा स्थित सर्वमंगला मंदिर गौठान जा रहे थे। शाम होने पर सभी ग्राम खैरा के क्रिकेट मैदान के पास मवेशियों के साथ रुके और भोजन करने के बाद आगे बढ़ने की तैयारी कर रहे थे। तभी गांव के सोनू यादव, पुरू यादव और भूरू नेताम वहां पहुंचे। उन्होंने मवेशियों के बारे में पूछताछ की। चरवाहों ने बताया कि सभी गायें लावारिस हैं और टिकारी सरपंच की अनुमति से उन्हें गौठान ले जाया जा रहा है। इसके बावजूद
आरोपियों ने मवेशियों को चोरी कर ले जाने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। तीनों आरोपियों ने लाठी-डंडों और हाथ-मुक्कों से चरवाहों की पिटाई कर दी।
टिकारी के सरपंच ने सौंपे थे सभी मवेशी
पुलिस के अनुसार, ग्राम बकरकुदा निवासी बेनी राम यादव वर्षों से लावारिस गायों की देखरेख और चराने का काम करते हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि ग्राम टिकारी के सरपंच द्वारा हर वर्ष उन्हें और उनके साथियों को निराश्रित मवेशियों की सेवा की जिम्मेदारी सौंपी जाती है।