
रतनपुर के वार्ड 4 को मिली विकास कार्यों की सौगात, 15.60 लाख से बनेगी सड़क और नाली

झूलेलाल मार्ग से टीचर कॉलोनी तक होगा निर्माण, अध्यक्ष-पार्षद ने किया भूमिपूजन
वार्डवासियों को मिलेगी जलभराव से राहत, सीसी रोड और नाली निर्माण की हुई शुरुआत
रतनपुर। नगर पालिका क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए वार्ड क्रमांक 4 में 15 लाख 60 हजार रुपये की लागत से सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन संपन्न हुआ। नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप एवं वार्ड क्रमांक 4 के पार्षद सुनील अग्रवाल के करकमलों से पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित निर्माण कार्य के अंतर्गत झूलेलाल मार्ग से टीचर कॉलोनी तक यू-आकार में सीसी रोड एवं नाली का निर्माण कराया जाएगा। इस निर्माण कार्य के पूर्ण होने से वार्डवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही बारिश के दिनों में जलभराव एवं जल निकासी की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।भूमि पूजन कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं वार्डवासियों ने विकास कार्य की शुरुआत पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा होगा, जिससे मोहल्लेवासियों को बेहतर सड़क एवं नाली की सुविधा मिल सकेगी।इस अवसर पर मुख्य रूप से एल्डरमैन सुरेश सोनी, विधायक प्रतिनिधि रियाज अहमद खोखर, नगर पालिका के कर्मचारी, संबंधित ठेकेदार सहित वार्ड क्रमांक 4 के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी उपस्थित रहे।






