
तालाब में डूबकर युवक की मौत, परिवार में पसरा मातम

बिलासपुर । जिले के मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम धुरवाकरी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां तालाब में डूबने से 19 वर्षीय युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान शिवदयाल सोनवानी के रूप में हुई है।बताया जा रहा है कि शिवदयाल सुबह शौच के लिए तालाब की ओर गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से उसके गहरे पानी में डूबने की आशंका जताई जा रही है।घटना के बाद युवक को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मस्तूरी अस्पताल भेजा गया है।फिलहाल मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी। जवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में मातम पसरा हुआ है।






