
पेड़ कटाई में लापरवाही, 500 मकानों की बिजली गुल,हाईटेंशन लाइन पर गिरा नीलगिरी का पेड़

बिलासपुर – नीलगिरी का पेड़ बिजली की हाईटेंशन लाइन पर गिरने से करीब 500 मकानों की बिजली गुल हो गई। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। वहीं, वन विभाग ने जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए इसे राजस्व विभाग और नगर निगम का मामला बताया है। अब सवाल है कि पेड़ कटाई की अनुमति किसने दी और लापरवाही का जिम्मेदार कौन है?
उसलापुर ओवरब्रिज के नीचे निर्माणाधीन भवन के लिए पेड़ों की कटाई अब लोगों की सुरक्षा पर भारी पड़ गई। बुधवार शाम नीलगिरी का पेड़ 33 और 11 केवी बिजली लाइन पर जा गिरा। इससे करीब 500 मकानों की बिजली गुल हो गई। घटना शाम करीब 7 बजे की है। पेड़ काटते समय संतुलन बिगड़ने से वह सीधे बिजली के तारों पर गिर गया। तार टूट गए, खंभे क्षतिग्रस्त हुए और ट्रांसफार्मर से चिंगारियां निकलने लगीं। पेड़ के नीचे दबकर एक स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।हैरानी की बात यह है कि स्थानीय लोगों के मुताबिक यहां कई दिनों से पेड़ों की कटाई हो रही थी। वहीं वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह क्षेत्र उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता, बल्कि राजस्व विभाग और नगर निगम का मामला है। ऐसे में सवाल है कि पेड़ों की कटाई रोकने और अनुमति की जांच करने की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?
इधर, बिजली कंपनी ने निर्माणाधीन भवन के मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। अब सवाल यह भी है कि हाईटेंशन लाइन के इतने करीब पेड़ काटने की अनुमति किसने दी और सुरक्षा के इंतजाम क्यों नहीं किए गए? आखिर जिम्मेदार विभाग कब जवाबदेही तय करेंगे?






