
बिरयानी में कृत्रिम रंग, किचन में गंदगी, के जी एन-786 का लाइसेंस 5 दिन के लिए निलंबित

सुघ्घर आहार- हमर अधिकार’ अभियान से मचा हड़कंप
बलौदा बाजार- कुकिंग एरिया में बेशुमार गंदगी। वॉशिंग एरिया में जल- जमाव और तैयार खाद्य सामग्री में कृत्रिम खाद्य रंग का उपयोग। के जी एन- 786 बिरयानी सेंटर का लाइसेंस 5 दिन के लिए निलंबित।
सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान ‘सुरक्षित आहार- हमर अधिकार’ की शुरुआत खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जिन सख्त तेवरों के साथ की है, उसने होश उड़ा दिए हैं खाद्य सामग्री बनाने और बेचने वाले कारोबारियों के। ऐसा इसलिए क्योंकि पहली बार ढाबा, भोजनालय और बिरयानी सेंटरों को निशाने पर लिया है प्रशासन ने।
के जी एन का लायसेंस निलंबित
जिला मुख्यालय में के जी एन 786 बिरयानी सेंटर जाना पहचाना नाम है। प्रशासन की जांच टीम ने पहली दबिश इस संस्थान के स्टोर, कुकिंग एवं वॉशिंग एरिया में दी। अत्यधिक गंदगी के बीच खाद्य सामग्रियों का भंडारण, बेशुमार गंदगी और जल- जमाव जैसी स्थितियां मिली। चिकन बिरयानी, रोस्ट एवं चिल्ली में कृत्रिम रंगों का उपयोग किया जाना पाया गया। पेस्ट कंट्रोल और मक्खी ट्रेप से संबंधित दस्तावेजों का संधारण भी नहीं मिला। 5 दिन के लिए संस्थान का लाइसेंस निलंबित कर दिया।
लिया सैंपल
राज ढाबा, छत्तीसगढ़ ढाबा, अपना ढाबा, जायसवाल भोजनालय बलौदा बाजार, कर्मा रेस्टोरेंट, पैलेस ऑफ़ पैराडाइस होटल एंड रेस्टोरेंट, शंकर ढाबा तथा संजीव एजेंसीज कसडोल की आकस्मिक जांच में दूध, दही, पनीर, रुचि नंबर वन वनस्पति, सिल्वर ड्रॉप रिफांइड, सनफ्लावर तेल और अनिक घी के सैंपल लिए गए हैं। इन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। परीक्षण रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सुधार के लिए नोटिस
निरीक्षण के दौरान स्वच्छता एवं हाइजीन मानकों के पालन को लेकर गंभीर लापरवाही मिलने पर राजा ढाबा, छत्तीसगढ़ ढाबा, अपना ढाबा, जायसवाल भोजनालय एवं बिरियानी सेंटर तथा शंकर ढाबा के संचालक को नोटिस जारी किया गया है और निर्देश दिए हैं कि तय समय अवधि में त्रुटि दूर करें अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जारी रहेगा जांच अभियान
16 नवंबर से 30 नवंबर तक प्रदेश में विशेष सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान ‘सुघ्घर आहार- हमर अधिकार’ चलाया जा रहा है। जिन संस्थानों की जांच हुई है, उन्हें संचालन में सुधार के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
-अक्षय सोनी, अभिहित अधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, बलौदा बाजार






