
8 महीने में सीएसपी की टीम ने डेरा जमाकर खोज निकाला आरोपियों और उनकी संपत्ति को,तब हुआ खुलासा…सट्टे और हवाला की काली कमाई से दुबई तक फैला करोड़ों का साम्राज्य

25 करोड़ से अधिक की संपत्ति के दस्तावेज बरामद
एलओसी व रेड कॉर्नर नोटिस की तैयारी,तीनों आरोपी दुबई में
बिलासपुर।अप्रैल महीने से लेकर नवंबर तक करोड़ों की काली कमाई और हवाला का काम करने वाले आरोपियों के नेटवर्क का खुलासा बिलासपुर पुलिस ने किया है।
एसएसपी ने खुलासा करते हुए बताया कि सीएसपी की 8 महीने की मेहनत से टीम ने डेरा जमाकर करोड़ो
रुपए की संपत्ति का खुलासा किया है, जिसमें अभी तक तीनों आरोपी दुबई में है।आरोपियों की सम्पत्ति को सीज कर दिया गया है।इसके अलावा इनसे जुड़े हुए लोगों की जांच की जा रही है रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है ताकि पूरे गिरोह का भंडाफोड़ हो सके।
एसएसपी रजनेश सिंह ने बिलासागुडी में पत्रकारों से चर्चा की।उन्होंने बताया कि ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा, हवाला कारोबार और अवैध रूप से जुटाई गई करोड़ों की संपत्तियों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ा प्रहार करते हुए एक संगठित और बहुस्तरीय वित्तीय नेटवर्क का सनसनीखेज खुलासा किया है।सिटी कोतवाली थाना में अप्रैल महीने में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा का मास्टरमाइंड हँसा विहार निवासी दीपक भगतानी और तोरवा निवासी विशाल विधानी पकड़ाया था जिसके खिलाफ दर्ज अपराध की गहन विवेचना के दौरान पुलिस के हाथ ऐसे चौंकाने वाले तथ्य लगे हैं, जिनसे सट्टे और हवाला की काली कमाई का पूरा ताना-बाना बेनकाब हो गया है। जांच में सामने आया है कि देश के विभिन्न राज्यों में सट्टे की रकम का लेन-देन और हवाला के माध्यम से बड़े पैमाने पर धन हस्तांतरण किया जा रहा था। अब इस पूरे मामले की जांच 25 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों और विदेशों में किए गए निवेश तक जा पहुंची है।एसएसपी ने बताया कि जब कड़ी से कड़ी जोड़ी गई तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ जिसके नेटवर्क में बड़े लोग और हवाला से रकम का लेनदेन का खुलासा हुआ।
जिसमें विशाल विधानी और दीपक का नेटवर्क बिलासपुर से मुंबई नहीं बल्कि सीधे दुबई तक था जिसमें ऑनलाइन सट्टा ही नहीं बल्कि काली कमाई जैसे हवाला और अन्य संगठित अपराध के किस्से थे
जिसको पुलिस ने बारीकी से जांच करके खुलासा किया है।
कई राज्यों में फैला था सट्टे व हवाला का नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, अपराध की पड़ताल जैसे-जैसे आगे बढ़ी, वैसे-वैसे इस सिंडिकेट की जड़ें गहरी होती दिखाई दीं। विवेचना में यह महत्वपूर्ण तथ्य उभरकर आया है कि सट्टे से जुड़ी रकम को अलग-अलग राज्यों में घुमाया जाता था और हवाला चैनलों के जरिए धन का हस्तांतरण किया जाता था। पुलिस अब इस पूरे वित्तीय प्रवाह, संदिग्ध खातों और हवाला ऑपरेटरों की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है, ताकि काले धन के इस साम्राज्य की हर परत को खोला जा सके।
तलाशी में 8 लाख नकद, जेवर और 25 करोड़ के कागजात बरामद
कार्रवाई के तहत पुलिस ने 13 नवंबर को संबंधित ठिकानों पर तलाशी ली, जिसमें कई अहम सामान और दस्तावेज बरामद किए गए। तलाशी के दौरान करीब 8 लाख रुपये नकद, सोने के जेवर, महंगी घड़ियां, बैंक से जुड़े दस्तावेज और संपत्ति संबंधी महत्वपूर्ण कागजात पुलिस के कब्जे में आए हैं। इसके अलावा लगभग 25 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज भी हाथ लगे हैं।लेकिन और बारीकी से जांच होगी तो इसका दायरा 40 करोड़ से ज्यादा जा सकता है। पुलिस अब इन संपत्तियों के वास्तविक स्वामित्व, उनकी खरीद में लगी आय के स्रोतों और वित्तीय लेन-देन की बारीकी से जांच कर रही है।इसके लिए पुलिस आईटी विभाग,बैंक और अन्य एजेंसियों की सहायता ले रही है।जिससे ज्यादा से ज्यादा सुराग मिल सके।
दुबई में निवेश के सुराग, एलओसी जारी और रेड कॉर्नर की तैयारी
जांच का दायरा जब और विस्तृत हुआ, तो विदेशों, खासकर दुबई में भी संपत्तियां अर्जित किए जाने की सनसनीखेज जानकारी सामने आई। सट्टे और हवाला की रकम को सरहद पार दुबई जैसी जगहों पर खपाने के संकेतों ने मामले को और गंभीर बना दिया है। इसे देखते हुए पुलिस ने संबंधित आरोपियों के विरुद्ध लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया है। साथ ही रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है, ताकि विदेशों में मौजूद संदिग्धों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा सके और उनके खिलाफ आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा सके।
सुनील रोहरा, मनीष रोहरा और आकाश गोगा के नाम आए सामने
पुलिस की अब तक की जांच में बिलासपुर के सुनील रोहरा, मनीष रोहरा और जबलपुर निवासी संदेही आकाश गोगा के नाम प्रमुखता से सामने आए हैं। जांच एजेंसियां इन नामों और उनसे जुड़े वित्तीय व संपत्तिगत लिंक की हर एंगल से पड़ताल कर रही हैं। करोड़ों की संपत्ति, हवाला नेटवर्क और विदेशी कनेक्शन के खुलासे के बाद आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे व कार्रवाइयां होने की संभावना जताई जा रही है।
व्हाट्सप में हुए चैट को तत्काल मिटाकर करते थे कारोबार
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि आरोपी इतने शातिर थे कि व्हाट्सअप्प में बात होने के बाद और चैट होने के बाद तत्काल उसे डिलीट कर दिया जाता था।ताकि अगर कभी पुलिस के पास पकड़ा भी गए तो पुलिस तह तक नहीं जा सके।इसके लिए आरोपियों के बीच सांठगांठ पहले से हो चुकी थी।जिसमें उनका कुछ साल पहले का रिकॉर्ड और
अन्य जानकारियां पुलिस के हाथ लगा था,तब कही जाकर मुख्य आरोपियों तक पहुंचा गया है।
मनी ट्रांजेक्शन करने वालो की भी तलाश जारी
ऑनलाइन सट्टा और हवाला में सहयोग करने वाले बड़े कारोबारियों के अलावा मनी ट्रांजेक्शन करने वाले लोगों की भी तलाश जारी है।इसमें कौन कौन शामिल है इनकी खोजबीन की जा रही है।ताकि उनको पकड़कर मनी ट्रांजेक्शन के बारे में पता कर सके।
एसएसपी बोले,एंड टू एंड तक होगी कार्रवाई
एसएसपी बोले कि इसमें आरोपियों के खिलाफ मिले सबूतों के आधार पर उनकी संपत्तियों और मकान के अलावा अन्य जितने भी चीजें काली कमाई से खरीदी हुई है उसे सीज कर एंड टू एंड तक कार्रवाई करेंगे।
इसके लिए टीम को लगा दिया गया है।जिसके जिम्मेदारी सीएसपी की है।
एसएसपी की सख्त चेतावनी,बोले सहयोग और गड़बड़ी करने वाले का साथ देने वाले पर भी होगी कार्रवाई
एसएसपी रजनेश सिंह का साफ कहना है कि इस मामले से जुड़े हुए लोगों के खिलाफ पुलिस बारीकी से जांच कर रही है।इसमें से जुड़े हुए लोगों के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।इसमें शामिल होने वाले बड़े लोग तो पकड़ में आएंगे ही,इसके अलावा आरोपियों को बचाने में सहयोग और साथ देने वाले लोगों को भी बख्शा नहीं जायेगा।
एसएसपी बोले,इस नेटवर्क के खुलासे से बच्चे,युवा और अन्य लोग अपराध से होंगे मुक्त
एसएसपी रजनेश सिंह का कहना है कि इस नेटवर्क के खुलासे से युवा ,बच्चे और अन्य लोग भी अपराध से मुक्त होंगे।
यह जड़ बहुत खरतनाक है जिससे लोग बर्बाद हो सकते थे,इसमें पुलिस के नेटवर्क को ध्वस्त करके एक बड़ा काम किया है,इससे समाज को भी अपराध मुक्त किया है।इसमें सीएसपी गगन कुमार के नेतृत्व में काम करने वाली पूरी टीम को इनाम भी दिया जायेगा।
सीएसपी बोले,नेटवर्क की जांच जारी रहेगी
सिटी कोतवाली सीएसपी गगन कुमार
का कहना है कि नेटवर्क के जरिए जो खुलासा हुआ है वह अभी पूरा नहीं हुआ है बल्कि इसके लिए और भी मेहनत किया जा रहा है।इसके लिए टीम को लगा दिया गया है।जो अपना काम कर रही है।







