कस्टमर केयर का नंबर तलाशना बैंक अधिकारी को पड़ा महंगा,एपीके फाइल डाउनलोड करते ही 9.49 लाख पार

वाशिंग मशीन सुधरवाने के लिए गूगल पर खोजा था नंबर
साइबर ठगों ने वाट्सएप पर भेजी थी फर्जी फाइल
बिलासपुर। खराब वाशिंग मशीन सुधरवाने के लिए गूगल पर कस्टमर केयर का नंबर तलाशना बैंक अधिकारी को महंगा पड़ गया। साइबर ठगों ने कंपनी का प्रतिनिधि बनकर उनसे संपर्क किया और वाट्सएप पर एक एपीके फाइल भेज दी। अधिकारी ने फाइल डाउनलोड कर उसमें अपनी जानकारी दर्ज की और कुछ दिनों बाद उनके बैंक खाते से 9.49 लाख रुपए पार हो गए।
दरअसल विवेकानंद नगर मोपका निवासी विपीन किशोर कुजूर बैंक ऑफ बड़ौदा की रहंगी-चकरभाठा शाखा में ज्वाइंट एवं कस्टोडियन अधिकारी हैं। उन्होंने 1 नवंबर को अपनी वाशिंग मशीन की मरम्मत के लिए गूगल पर कस्टमर केयर का मोबाइल नंबर तलाशा था। दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर दूसरी ओर मौजूद व्यक्ति ने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताया।
शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी करने का झांसा देकर उसने अधिकारी के वाट्सएप पर एक एपीके फाइल भेजी। अधिकारी ने फाइल इंस्टॉल कर उसमें अपना नाम, पता और मोबाइल नंबर दर्ज किया, लेकिन प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी। उस समय उन्हें किसी तरह के फ्रॉड का अंदेशा नहीं हुआ।
कुछ दिनों बाद मोबाइल पर बैंक खाते से रकम कटने के मैसेज आने लगे। बैंक स्टेटमेंट निकलवाने पर पता चला कि 13 से 15 नवंबर के बीच अलग-अलग यूपीआई ट्रांजेक्शन के जरिए उनके खाते से कुल 9,49,364 रुपए निकाल लिए गए हैं। इस तरह महज एक फर्जी कस्टमर केयर नंबर और एपीके फाइल के जरिए साइबर ठगों ने बैंक अधिकारी को ही अपना शिकार बना लिया।






