
राष्ट्रीय पटल पर एक बार फिर चमका बिलासपुर का नाम, पीएम स्वनिधि योजना में देश में दूसरा स्थान

डिजिटल अडाॅप्शन श्रेणी में 1 से 10 लाख तक जनसंख्या के निकायों में पूरे देश में दूसरा स्थान,राष्ट्रीय पुरस्कार से किया गया सम्मान
नई दिल्ली में उप मुख्यमंत्री,प्रमुख सचिव,महापौर और निगम कमिश्नर ने किया पुरस्कार ग्रहण
पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण और योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बिलासपुर को मिली राष्ट्रीय पहचान
दस दिन के भीतर बिलासपुर को दूसरा राष्ट्रीय पुरस्कार,11 नवंबर को मिला था स्वच्छता में पुरस्कार
2024 में पीएम स्वनिधि योजना में स्पार्क अवार्ड से भी नवाजा गया है बिलासपुर को
बिलासपुर- दस दिन के भीतर लगातार दूसरा राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कर राष्ट्रीय पटल पर बिलासपुर ने एक बार फिर अपना नाम चमकाया है। पीएम स्वनिधि योजना के तहत डिजिटल अपाॅडशन श्रेणी में एक लाख से दस लाख तक के जनसंख्या वाले निकाय में बिलासपुर नगर पालिक निगम को पूरे देश में दूसरा स्थान मिला है,इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर बिलासपुर को नई दिल्ली में स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026 से पुरस्कृत किया गया है।भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स- 2026’ में केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल तथा केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू के हाथों इस पुरस्कार को उप मुख्यमंत्री अरूण साव,नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणी बोरा,महापौर पूजा विधानी और नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने ग्रहण किया। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में उत्कृष्ट कार्यों के लिए बिलासपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इस श्रेणी में प्रथम स्थान पर पश्चिम बंगाल का दुर्गापुर नगर निगम है।
डिजिटल अडॉप्शन पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत डिजिटल एडॉप्शन श्रेणी का मुख्य उद्देश्य पथ, रेहड़ी-पटरी वाले विक्रेताओं को डिजिटल लेनदेन अपनाने और वित्तीय साक्षरता बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करना है। इस श्रेणी में बिलासपुर नगर निगम द्वारा उत्कृष्ट कार्य किया गया है जिसके लिए बिलासपुर को पुरस्कृत किया गया। योजना की शुरूआत 1 जून 2020 से अब तक 15252 हितग्राहियों में 7662 हितग्राहियों को पूर्णतः डिजिटल माध्यम से लेन देन के लिए जोड़ा गया है। बिलासपुर की ये उपलब्धि पथ विक्रेताओं को डिजिटल लेन-देन से जोड़ने, संस्थागत ऋण सुविधा उपलब्ध कराने और उनकी आजीविका को सुदृढ़ बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित करती है। आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए दिए जाने वाले पीएम स्वनिधि सम्मान पुरस्कारों में भी ‘डिजिटल अडॉप्शन’ एक प्रमुख श्रेणी है। इसमें उन राज्यों और शहरी स्थानीय निकायों को सम्मानित किया जाता है जो अपने क्षेत्र के अधिक से अधिक वेंडर्स को डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म से जोड़ते हैं और अधिकतम डिजिटल लेनदेन कराते हैं। इससे पूर्व साल 2024 में पीएम स्वनिधि योजना के बेहतर क्रियान्वयन और लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त करने तथा समय से पूर्व निराकरण करने पर बिलासपुर को नई दिल्ली में स्पार्क अवार्ड दिया गया था।
*पथ विक्रेताओं के जीवन में आया सकारात्मक बदलाव-उप मुख्यमंत्री*
उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ को राज्य समेत बिलासपुर और दंतेवाड़ा,बड़े बचेली को अडॉप्शन श्रेणी में राष्ट्रीय सम्मान मिलना नगरीय निकायों की बेहतर कार्यप्रणाली और समर्पित प्रयासों का परिणाम है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण, डिजिटल लेन-देन और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये उपलब्धियां नगरीय निकायों को पथ विक्रेताओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और अधिक प्रतिबद्धता से कार्य करने की प्रेरणा देगी।
*आत्मनिर्भरता की नई राह दिखाई है- महापौर*
पीएम स्वनिधि योजना ने स्ट्रीट व्यापारियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ उन्हें डिजिटल लेन-देन से जोड़कर आत्मनिर्भरता की नई राह दिखाई है। इस उपलब्धि के लिए सभी हितधारकों, निगम अधिकारियों-कर्मचारियों और लाभार्थी व्यापारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
*हमारे लिए बड़ी उपलब्धि-कमिश्नर*
निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने कहा पीएम स्वनिधि योजना के सफल और बेहतर क्रियान्वयन के साथ डिजिटल अडॉप्शन के लिए नगर निगम बिलासपुर को राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है,यह हमारे लिए बड़ी उपलब्धि है। इसके लिए मैं निगम की टीम,हितग्राहियों और शहरवासियों को बधाई देता हूं। आगे और बेहतर करें इसके लिए प्रयास जारी रखेंगे।






