
जोरापारा तालाब के पास चाकू लहराकर राहगीरों को डरा रहा युवक गिरफ्तार

सरकंडा पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
आरोपी के कब्जे से धारदार चाकू जब्त
बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र के जोरापारा तालाब के पास सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लहराकर राहगीरों और आम नागरिकों को डराने-धमकाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लोहे का धारदार चाकू जब्त किया गया है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, सरकंडा पुलिस की पेट्रोलिंग टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जोरापारा तालाब के पास एक युवक हाथ में चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिए के आधार पर युवक की घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से धारदार लोहे का चाकू बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी की पहचान ओमेश सिंह ठाकुर (18 वर्ष 3 माह), पिता राजेंद्र सिंह ठाकुर, निवासी सीएमएचओ कार्यालय परिसर, सरकंडा के रूप में हुई। चाकू रखने के संबंध में वह कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने चाकू जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
यह कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर एएसपी शहर पंकज पटेल और सीएसपी सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नरेश कुमार चौहान के नेतृत्व में की गई।






