जेपी मित्तल के घर और प्रतिष्ठानों में दूसरे दिन भी आयकर जांच,कई दिन चल सकती है कार्रवाई

स्टॉक से लेकर बही-खाते, बैंक खातों और डिजिटल लेन-देन की पड़ताल
कंप्यूटर, लैपटॉप और बिलिंग सॉफ्टवेयर भी खंगाल रही टीमें, भोपाल की सेंट्रल टीम कर रही निगरानी
बिलासपुर। लोहा कारोबारी जयप्रकाश उर्फ जेपी मित्तल के विद्या नगर स्थित निवास प्रकाश पुंज और व्यापार विहार स्थित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में आयकर विभाग की जांच गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रही। बुधवार सुबह शुरू हुई कार्रवाई के बाद टीमें रातभर जांच में जुटी रहीं। विभागीय सूत्रों के मुताबिक, जांच का दायरा व्यापक है और इसे पूरा होने में अभी कई दिन लग सकते हैं। अधिकारी फिलहाल बिलासपुर में ही रुकेंगे। जांच के दौरान सामने आ रही जानकारियां रायपुर स्थित विभागीय कार्यालय को भेजी जा रही हैं, जबकि पूरे ऑपरेशन की निगरानी भोपाल की सेंट्रल टीम कर रही है।
कार्रवाई के तहत मित्तल स्टील इस्पात, स्टील मार्ट और हनुमान हार्डवेयर सहित कारोबारी प्रतिष्ठानों में दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है। टीम दुकानों और गोदामों में उपलब्ध लोहे के स्टॉक का बही-खातों में दर्ज मात्रा से मिलान कर रही है। खरीद-बिक्री के बिल, सप्लायर और खरीदारों से जुड़े दस्तावेजों के साथ बैंक खातों तथा डिजिटल लेन-देन का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।
कंप्यूटर और बिलिंग सॉफ्टवेयर में दर्ज,रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में
आयकर विभाग की टीम केवल कागजी दस्तावेजों तक सीमित नहीं है। प्रतिष्ठानों में मौजूद कंप्यूटर, लैपटॉप, ई-मेल और बिलिंग सॉफ्टवेयर में दर्ज
कारोबारी रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। कारोबारी से जुड़े अन्य संस्थानों के दस्तावेज भी खंगाले जा रहे हैं। जांच के दौरान जेपी मित्तल को भी प्रतिष्ठान में लाया गया था। उनकी मौजूदगी में अधिकारियों ने पूछताछ और दस्तावेजों की पड़ताल की।
रात में भी ठिकानों पर डटी रहीं टीमें
बुधवार की सुबह कार्रवाई शुरू होने के बाद टीम के सदस्य रात में भी दोनों ठिकानों पर मौजूद रहे। जांच लंबी चलने के कारण अधिकारियों और कर्मचारियों ने बिलासपुर में ही रात बिताई। कुछ सदस्य होटल में ठहरे, जबकि कुछ आवास और प्रतिष्ठानों में ही रुके रहे। टीम के लिए भोजन भी बाहर से मंगाया गया। कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय रखा गया है। अधिकारी मीडिया से दूरी बनाए हुए हैं। सुरक्षा में तैनात जवानों को भी किसी से बातचीत नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।
परिवार के सदस्यों की आवाजाही जारी
विद्या नगर स्थित आवास के बाहर गुरुवार को भी सुरक्षा और जांच का वैसा ही माहौल रहा। हालांकि, परिवार के एक-दो सदस्य दरवाजे के पास नजर आए। कारोबारी का एक बेटा स्कूटी से बाहर निकला। वहां तैनात महिला सुरक्षाकर्मी ने बताया कि बच्चों को स्कूल जाने से नहीं रोका गया है। घर में काम करने वाले कर्मचारी भी पहुंचे, लेकिन उन्हें जांच वाले हिस्से से दूर रखा गया।
घर के बाहर कंबलों से भरी खड़ी है गाड़ी
कारोबारी के आवास के मुख्य गेट के पास एक बड़ी चारपहिया गाड़ी भी खड़ी है। गाड़ी में ड्राइविंग सीट की तरफ का हिस्सा छोड़कर बाकी जगह कंबल भरे हुए हैं। बताया जा रहा है कि ये कंबल शहर में वितरण के लिए लाए गए थे, लेकिन आयकर विभाग की कार्रवाई के कारण उनका वितरण नहीं हो सका।
गौरतलब है कि आयकर विभाग ने बुधवार को लोहे क कारोबार में कथित टैक्स चोरी और बोगस बिलिंग के संदेह में बिलासपुर सहित छत्तीसगढ़ के पांच शहरों में एक साथ जांच शुरू की थी। फिलहाल विभाग की टीमें वित्तीय दस्तावेजों और कारोबारी लेन-देन की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई के वास्तविक निष्कर्ष सामने आ सकेंगे।






