Blog

बिलासपुर में ठंड का कहर, तीसरी बार शीतलहर का अलर्ट…

रात के तापमान में दो डिग्री की गिरावट
न्यूनतम तापमान 12 डिग्री पर पहुंचा….

बिलासपुर।दिन के तापमान में लगातार गिरावट के साथ अब ठंड का असर साफ तौर पर महसूस होने लगा है। बिलासपुर में इस मौसम में तीसरी बार शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने खासतौर पर बुजुर्गों और बच्चों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

दरअसल पिछले 24 घंटों में बिलासपुर के रात के तापमान में करीब दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। इसके साथ ही जिले में शीतलहर चलने की चेतावनी दी गई है। इससे पहले 10 और 11 दिसंबर को भी अलर्ट जारी किया गया था, लेकिन तब ठंड का असर ज्यादा नजर नहीं आया था।
जनवरी की शुरुआत में रात का तापमान सामान्य से अधिक होने के कारण ठंड कम महसूस हो रही थी, लेकिन अब शीतलहर की वापसी हो चुकी है। सोमवार की सुबह ठंड का असर इतना तेज रहा कि लोगों की रोजमर्रा की दिनचर्या प्रभावित होती दिखी।पिछले दो दिनों तक हल्के बादलों के कारण ठंड कुछ कम थी, लेकिन जैसे ही बादल छटे, तापमान में फिर से गिरावट दर्ज की गई। दोपहर का अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 14.4 से गिरकर 12.6 डिग्री पर पहुंच गया।शाम होते ही शहर में लोग स्वेटर और जैकेट में नजर आने लगे। मौसम विभाग ने 5 और 6 जनवरी को बिलासपुर समेत मुंगेली, कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, सरगुजा और आसपास के कई जिलों में भी शीतलहर की चेतावनी जारी की है।मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि अत्यधिक ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनें और बुजुर्गों व बच्चों का विशेष ध्यान रखें। फिलहाल अगले दो दिनों तक सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *