Blog

निगम कमिश्नर ने किया निगम कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण,अनुपस्थित कर्मचारियों को नोटिस

विकास भवन के सभी कमरों में पहुंचे निगम कमिश्नर प्रकाश सर्वे

लंबित प्रकरणों के जल्द निराकरण और कार्यालय में सफाई के निर्देश

बिलासपुर- नगर निगम कमिश्नर  प्रकाश कुमार सर्वे ने दोपहर के बाद  मुख्यालय विकास भवन के सभी शाखाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अनुपस्थित दो क्लर्क को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। दोपहर के बाद अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति को परखने के लिए निगम कमिश्नर  प्रकाश कुमार सर्वे ने 4.30 बजे निगम कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सभी शाखाओं में जाकर
फाइलों की जांच की और लंबित प्रकरणों को समय सीमा के भीतर जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरूआत में निगम कमिश्नर ने ड्यूटी के दौरान अपनी सीट से अनुपस्थित पाए गए योजना शाखा के दो कर्मचारियों के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए ने उन्हें तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान निगम कमिश्नर  सर्वे स्पष्ट कहा कि कार्य के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

शाखाओं की जाँच,पीएम आवास शाखा के क्लर्क को नोटिस

निगम कमिश्नर ने निगम की सभी शाखाओं में जाकर फाइलों के रख-रखाव और उनके निराकरण की स्थिति देखी। विशेष रूप से पी.एम. आवास शाखा के निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्राप्त आवेदनों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने पाया कि कुछ प्रकरण लंबे समय से लंबित हैं, जिस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों के त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि किया पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ जल्द से जल्द मिले। पीएम आवास शाखा में आवेदनों के निराकरण में देरी करने पर डीलिंग क्लर्क को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए है। इसके अलावा भवन शाखा में भवन अनुज्ञा के लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए समय सीमा के भीतर निराकरण के निर्देश दिए है। पूर्व में दिए निर्देश के तहत सभी विभागों के सामने पट्टिका अब तक नहीं लगने पर भी स्टोर प्रभारी को नोटिस जारी किया गया है।

स्वच्छता और व्यवस्था पर जोर

कार्यालय परिसर में साफ-सफाई का अवलोकन करते हुए आयुक्त ने स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालय में फाइलों का व्यवस्थित प्रबंधन और नियमित साफ-सफाई अनिवार्य है, ताकि यहाँ आने वाले नागरिकों को एक सुखद अनुभव मिले और कार्यक्षमता में वृद्धि हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *