Blog

अवैध रेत खनन का खूनी खेल,ट्रॉली पलटी,नाबालिग की मौत

रेत कारोबार पर प्रशासन कब करेगा वार

बिलासपुर।रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़वट में गुरुवार तड़के करीब 4 बजे हुए दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर अवैध रेत उत्खनन के काले कारोबार की भयावह सच्चाई सामने ला दी है। अवैध रूप से रेत भरकर लौट रहे ट्रैक्टर क्रमांक सीजी 12 बीएस 5759 की ट्रॉली अचानक पलट गई, जिससे उसमें सवार दो नाबालिग उसके नीचे दब गए। हादसे में एक नाबालिग युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मिली जानकारी के अनुसार गढ़वट स्थित रेत घाट से ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से अवैध रूप से रेत का उत्खनन और परिवहन किया जा रहा था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रॉली में सवार नाबालिग अमित कश्यप और अमित यादव उसके नीचे दब गए। हादसे में नाबालिग अमित कश्यप की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अमित यादव को कमर में गंभीर चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घायलो को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक जानकारी में यह मामला सिर्फ हादसा नहीं, बल्कि अवैध रेत खनन और उसमें नाबालिगों से काम कराने जैसी गंभीर लापरवाही का प्रतीक बनकर सामने आया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन का खेल जारी है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से यह कारोबार लगातार फल-फूल रहा है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि इस अवैध काम में नाबालिगों को भी झोंका जा रहा है, जो सीधे तौर पर कानून और मानवाधिकारों का उल्लंघन है। अब जरूरत है कि प्रशासन, खनिज विभाग और पुलिस संयुक्त रूप से सख्त अभियान चलाकर अवैध रेत माफियाओं पर कड़ी परिवार को कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में किसी और ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *