Blog

पेण्ड्रा में भू-माफिया की दबंगई: तहसील के सामने अधिवक्ता को दी जान से मारने की धमकी…हुई शिकायत

दिनदहाड़े तहसील परिसर के बाहर हंगामा

पेण्ड्रा। जिले के पेण्ड्रा में कानून व्यवस्था को चुनौती देती एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। 9 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे तहसील कार्यालय के सामने स्थित पीपल पेड़ के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब कथित भू-माफिया जीवन राठौर अपने 8-10 साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और विवाद खड़ा कर दिया।

अधिवक्ता को घेरकर गाली-गलौज और धमकी

शिकायतकर्ता अधिवक्ता शिवचरण प्रसारी के अनुसार, वे अपने साथियों के साथ एक मामले पर चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान जीवन राठौर और उसके साथी वहां पहुंचे और आते ही अभद्रता शुरू कर दी।
आरोप है कि पहले वहां मौजूद पटवारी को धमकाकर हटाया गया, फिर अधिवक्ता को घेरकर भद्दी गालियां दी गईं। हालात तब और गंभीर हो गए जब आरोपियों ने साफ तौर पर “काटकर जमीन में गाड़ देने” जैसी जानलेवा धमकी दे डाली।

जमीन विवाद से जुड़ा है पूरा मामला

बताया जा रहा है कि यह पूरा घटनाक्रम जमीन के एक बड़े विवाद और कथित लेन-देन से जुड़ा हुआ है। मामले की जांच पहले से तहसील स्तर पर चल रही है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित व्यक्ति पर पहले भी जमीन से जुड़े मामलों में गड़बड़ी और दस्तावेजों में हेरफेर के आरोप लगे हैं, जिससे विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है।

सोशल मीडिया में मामला आने के बाद बढ़ा तनाव

जानकारी के मुताबिक, जमीन विवाद का मामला सोशल मीडिया में भी सामने आ चुका है, जिसके बाद प्रशासनिक स्तर पर जांच शुरू हुई। इसी बीच शिकायतकर्ता द्वारा संबंधित पक्ष को पैसा वापस लेने या कानूनी कार्रवाई की सलाह देने की बात भी सामने आई, जिससे विवाद और भड़क गया।

घटना के बाद सहमे अधिवक्ता, सुरक्षा की मांग

घटना के बाद अधिवक्ता शिवचरण प्रसारी ने खुद को असुरक्षित बताते हुए थाना पेण्ड्रा में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि इस घटना से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है और उन्हें अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है।
उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।

तहसील के सामने दबंगई से उठे सवाल

तहसील जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले सरकारी परिसर के सामने इस तरह की खुलेआम गुंडागर्दी ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े हुई इस घटना से आम नागरिकों में भी भय का माहौल है।

पुलिस जांच में जुटी, कार्रवाई पर नजर

फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अब देखना यह होगा कि कथित भू-माफिया जीवन राठौर और उसके साथियों पर पुलिस कब और किस तरह की सख्त कार्रवाई करती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *