उसलापुर रेक प्वाइंट पर काम की मांग, ट्रक मालिक संघ का कलेक्ट्रेट कूच

रोजगार बचाने सड़क पर उतरे ट्रक मालिक, प्रशासन से मांगी सुरक्षा…
काम करने दो’ की मांग के साथ सड़कों पर उतरे ट्रांसपोर्टर..
बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में नया माल गोदाम ट्रक मालिक संघ ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार रैली निकाली और जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल को आवेदन सौंपा। संघ ने उसलापुर रेलवे रेक प्वाइंट पर शांतिपूर्ण तरीके से काम शुरू करने की सूचना देते हुए प्रशासन से सुरक्षा और सहयोग की मांग की है। नया माल गोदाम ट्रक मालिक संघ का कहना है कि वह वर्ष 1971 से रेलवे रेक प्वाइंट से जुड़े श्रमिकों और ट्रक मालिकों के हित में कार्य करता आ रहा है। अब रेलवे विभाग द्वारा बिलासपुर गुड्स शेड और रेक प्वाइंट का संचालन उसलापुर से किए जाने की तैयारी की जा रही है। इससे संघ से जुड़े 50 से अधिक ट्रक मालिकों, 300 से ज्यादा ड्राइवरों, हेल्परों और उनके परिवारों की आजीविका प्रभावित होने की आशंका है।संघ पदाधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में पहले भी जिला प्रशासन, रेलवे प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपकर कार्य में प्राथमिकता और सुरक्षा की मांग की जा चुकी है। संघ ने प्रशासन को जानकारी दी है कि उसके सदस्य निर्धारित तिथि को कानून व्यवस्था का पालन करते हुए उसलापुर रेक प्वाइंट पहुंचकर काम शुरू करेंगे। साथ ही किसी भी विवाद या अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराने की मांग की गई है।