Blog

मछली चोरी के पुराने विवाद में युवक की हत्या, आधा दर्जन आरोपियों पर मामला दर्ज

रतनपुर वासित अली की रिपोर्ट।

बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के नवागांव में मछली चोरी के पुराने विवाद ने खूनी रूप ले लिया। स्कॉर्पियो सवार आधा दर्जन लोगों पर बाइक सवार दो युवकों पर जानलेवा हमला करने का आरोप है। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर हमले से बचकर भाग निकला। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नवागांव में शनिवार रात पुरानी रंजिश के चलते सनसनीखेज वारदात सामने आई। जानकारी के मुताबिक कुछ दिन पहले मछली चोरी को लेकर तिरिथ यादव और गोले धीवर पक्ष के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ था शनिवार रात तिरिथ यादव कर्रा निवासी अपने साथी श्याम सिंह खुटाघाट निवासी के साथ चौकीदारी का काम खत्म कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में स्कॉर्पियो वाहन से उनकी बाइक को टक्कर मारी गई। दोनों के गिरते ही आरोपियों ने लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से हमला कर दिया।हमले में तिरिथ यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी श्याम सिंह किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकले और परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी।

बाइट – श्याम सिंह (मृतक के साथी)

मृतक के परिजनों ने गोलू धीवर, अनीश धीवर सहित लगभग आधा दर्जन लोगों पर हमले का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। घटना के बाद कर्रा और आसपास के इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।
रतनपुर पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।नवागांव में पुरानी रंजिश से जुड़ी इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। अब सभी की नजर पुलिस की कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *