हॉस्टल में लॉ स्टूडेंट की संदिग्ध मौत, कमरे से मिली ‘ सॉरी’ लिखी पर्ची

बिलासपुर ।एकता कॉलोनी के बॉयज हॉस्टल में लॉ के स्टूडेंट की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान अंबिकापुर-सूरजपुर निवासी अभिषेक यादव के रूप में हुई है, जो पुलिस विभाग में पदस्थ एक एएसआई का बेटा बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में मौके से एक पर्ची बरामद हुई है, जिस पर केवल “सॉरी” लिखा है।
दरअसल घटना शुक्रवार देर शाम की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हॉस्टल के कमरे का दरवाजा खोलकर युवक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की खबर मिलते ही हॉस्टल और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। मौके की जांच के दौरान पुलिस को एक पर्ची मिली, जिस पर सिर्फ “सॉरी” लिखा हुआ था। पुलिस इस पर्ची को जांच का हिस्सा मानकर उसकी पड़ताल कर रही है,शुरुआती जांच में सल्फास के सेवन की आशंका सामने आई है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही हो सकेगी।शनिवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस हॉस्टल में रहने वाले छात्रों, मृतक के दोस्तों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। साथ ही युवक के मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
फिलहाल पुलिस इसे संदिग्ध मौत मानते हुए सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया और इसके पीछे क्या वजह थी, इसका खुलासा जांच पूरी होने और सभी साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही हो सकेगा।