जनता की सेवा ही जनप्रतिनिधि का सबसे बड़ा कर्तव्य, सभी एल्डरमेन इस आकांक्षा पर खरा उतरेंगे-अमर अग्रवाल

एल्डरमेन का दायित्व केवल पद की गरिमा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और शहर के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का भी है-धरमलाल कौशिक
नगर निगम के नवनियुक्त 11 एल्डरमेन ने ली शपथ
स्व.लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ शपथ ग्रहण समारोह
बिलासपुर। नगर निगम बिलासपुर के नवनियुक्त एल्डरमेन का शपथ ग्रहण समारोह सादगी एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सभी नवनियुक्त एल्डरमेन को पद,कर्तव्य एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर अतिथि के रूप में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक विशेष रूप से उपस्थित रहे। समारोह में जनप्रतिनिधियों, नगर निगम के अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

समारोह में नवनियुक्त सभी 11 एल्डरमेन ने शपथ ग्रहण की। इनमें शेखर पाल, जुगल किशोर अग्रवाल, योगेश बोले, चंद्रप्रकाश मिश्रा, देवाशीष घोष (लाल्टू), विष्णु सोनी, अशोक ठाकुर, ज्ञानचंद्र कौशिक, रामू साहू, संतोष कुमार दुबे एवं भगवती साहू शामिल रहे।
इस अवसर पर विधायक अमर अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि नगर निगम शहर के विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है और एल्डरमैन के रूप में मिली जिम्मेदारी जनसेवा का अवसर है। उन्होंने कहा कि सभी नामांकित पार्षद दलगत भावना से ऊपर उठकर शहर के विकास, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समन्वय से बिलासपुर के विकास को नई गति मिलेगी तथा नगर निगम को जनअपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि हम सभी जनप्रतिनिधियों का सबसे बड़ा कर्तव्य जनता की सेवा करना करना है और उनके विश्वास पर खरा उतरना हमारा नैतिक दायित्व है और मुझे उम्मीद है कि सभी नवनियुक्त एल्डरमेन जनता की आकांक्षा और उम्मीदों पर खरा उतरेंगे। बिल्हा विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि एल्डरमेन का दायित्व केवल पद की गरिमा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और शहर के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का भी है। उन्होंने नवनियुक्त एल्डरमेन से अपेक्षा की कि वे अपने अनुभव और सामाजिक सहभागिता का उपयोग करते हुए नगर निगम की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने, जनसमस्याओं के समाधान तथा विकास कार्यों की निरंतर निगरानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने सेवा, समर्पण, पारदर्शिता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। महापौर पूजा विधानी ने भी सभी एल्डरमेन को बधाई देते हुए कहा कि आज से सभी एल्डरमेन नगर निगम परिवार का अहम हिस्सा बन गए है और हम सब मिलकर बिलासपुर शहर को स्वच्छ,सुंदर और विकसित बनाएंगे। कार्यक्रम में क्रेडा के अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी,पूर्व विधायक कृष्णमूर्ति बांधी,सभापति विनोद सोनी,निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे,भाजपा जिलाध्यक्ष श्री दीपक सिंह,श्री मोहित जायसवाल समेत एमआईसी सदस्य,पार्षद एवं नागरिक उपस्थित रहें।