मैं गुरु तुम चेला, कहना इतना बुरा लगा कि कर दी हत्या ,गुरु-चेला विवाद में किन्नर की गला दबाकर हत्या,पिकनिक पार्टी के बाद गला दबाकर किन्नर की हत्या

दूसरे किन्नर ने दिया घटना को अंजाम, पुलिस जांच में जुटी
बिलासपुर । सकरी थाना क्षेत्र में गुरु-चेला प्रथा को लेकर हुए विवाद में एक किन्नर की कथित रूप से गला दबाकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी किन्नर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि मृतक तन्नू खान, वर्षा जान और मीरा उर्फ आशीष आपस में गुरु भाई थे। वर्षा जान 17 जुलाई को दिल्ली से बिलासपुर आई थी और तन्नू खान ने उसे पुराने बस स्टैंड स्थित एक होटल में ठहराया था।

20 जुलाई को तन्नू खान, वर्षा जान और मीरा, जोकी स्थित मीरा के घर जाने के लिए निकले। रास्ते में उनकी मुलाकात रिया उर्फ राकेश (24) निवासी सेमरचुवा, जिला मुंगेली से हुई, जिसे मीरा अपने घर साथ ले गई। बाद में तन्नू और रिया स्कूटी से तालापारा स्थित अस्पताल गए और लौटते समय शराब व मछली खरीदकर मीरा के घर पहुंचे। वहां चारों ने साथ बैठकर खाना
खाया और शराब पी।

इसी दौरान किन्नर समाज की गुरु-चेला परंपरा को लेकर बातचीत शुरू हुई। पुलिस के मुताबिक, तन्नू खान ने रिया से अपना गुरु बनने और परंपरा के अनुसार आर्थिक योगदान देने की बात कही। रिया ने इससे इनकार करते हुए कहा कि वह किसी का चेला नहीं है और न ही उसका कोई गुरु है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
मीरा और वर्षा ने दोनों को समझाने का प्रयास किया तथा अपने गुरु राजा किन्नर से फोन पर भी बात कराई, लेकिन विवाद शांत नहीं हुआ। इसके बाद तन्नू और रिया पैदल जोकी से तालापारा की ओर निकल गए। कुछ देर बाद दोनों का संपर्क टूट गया और तन्नू का मोबाइल भी बंद हो गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी रिया ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि गुरु-चेला विवाद के चलते उसने देर रात एनएच-130 स्थित दलदलिहापारा बस स्टॉप के पास तन्नू खान का गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन, चप्पल, चार्जर सहित अन्य सामान बरामद किया।
किन्नर की हत्या से फैली सनसनी
सकरी थाना क्षेत्र के जोंकी गांव में किन्नर समुदाय की एक पार्टी के दौरान विवाद के बाद एक किन्नर ने दूसरे किन्नर की हत्या कर दी है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। देर रात हुए इस घटनाक्रम में तन्नू किन्नर की हत्या से किन्नर समुदाय में आक्रोश व्याप्त है और समुदाय के लोगों ने आरोपी रिया किन्नर पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
किन्नर समुदाय में भारी नाराजगी
इधर, घटना के बाद किन्नर समुदाय के लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। समुदाय के सदस्यों ने दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि हत्या की पुष्टि होती है तो आरोपी को कानून के तहत कड़ी सजा मिलनी चाहिए। मृतक तन्नू किन्नर की मौत से समुदाय में शोक का माहौल है।
पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी
सकरी पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध मौत और संभावित हत्या दोनों पहलुओं से जांच रही है।
उक्त कार्रवाही मे निरी उमेश साहू, उप निरी गणेश महिलांगे, सउनि सुरेंद्र तिवारी,ओमकार बंजारे, प्र.आर लष्मी कश्यप, चोलाराम पटेल,आर फिरोज खान,मनोज बघेल,सुखदेव मांन्द्रे,विनोद शास्त्री, सुनील सूर्यवंशी, पवन बंजारे की अहम भूमिका रही है