चोरी के मामले में दिव्या ज्वेलर्स पर सराफा एसोसिएशन की बड़ी कार्रवाई
सदस्यता से किया गया निष्कासित
बिलासपुर। चोरी के मामलों में नाम सामने आने के बाद बिलासपुर सराफा एसोसिएशन ने दिव्या ज्वेलर्स, सरकंडा को संगठन की सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। एसोसिएशन ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष, वैज्ञानिक और गहन जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। यह जानकारी एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।
एसोसिएशन का कहना है कि बीते कुछ समय में दिव्या ज्वेलर्स से जुड़े कई मामले सामने आए हैं, जिनमें चोरी के आभूषणों की खरीद-बिक्री जैसी गंभीर शिकायतें शामिल हैं। हाल ही में सामने आए एक प्रकरण के बाद सराफा व्यापारियों में नाराजगी बढ़ी, जिसके चलते संगठन ने यह निर्णय लिया। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि ईमानदार व्यापारियों के हितों और व्यापार की गरिमा बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है।
कमल सोनी ने कहा कि यदि भविष्य में कोई भी व्यापारी अवैध या आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाया जाता है तो उससे छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन का कोई संबंध नहीं रहेगा। संगठन ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार का संरक्षण नहीं देगा और कानून के सम्मान के साथ प्रशासन का सहयोग करेगा।
एसोसिएशन ने पुलिस प्रशासन से चोरी के माल की खरीद-फरोख्त करने वाले नेटवर्क का भी खुलासा करने, संबंधित विभागों के साथ समन्वय बढ़ाने तथा प्रभावी मानक संचालन प्रक्रिया लागू करने की मांग की है, ताकि इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके और आम नागरिकों व व्यापारियों का कानून व्यवस्था पर विश्वास और मजबूत हो।