इंस्टाग्राम पर धार्मिक भावनाएं आहत करने के मामले में सरकंडा थाना में एफआईआर दर्ज

बिलासपुर। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर माता सीता एवं ठाकुर राम सिंह के संबंध में कथित रूप से अश्लील, अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के मामले में सरकंडा थाना, बिलासपुर में एफआईआर दर्ज की गई है।
शिकायतकर्ता छत्रपाल साहू द्वारा प्रस्तुत आवेदन के आधार पर पुलिस ने आरोपी वसिम अहमद के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 67 अ के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
शिकायत में उल्लेख किया गया है कि इंस्टग्राम पर वसीम अहमद 1 नामक आईडी से माता सीता के संबंध में अश्लील एवं मर्यादा-विरुद्ध टिप्पणियां तथा ठाकुर राम सिंह के संबंध में अपमानजनक टिप्पणियां सार्वजनिक रूप से की गईं, जिससे सनातन समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं तथा सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हुई।
शिकायत प्राप्त होने के बाद सरकंडा पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट की जांच, आरोपी की पहचान तथा उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
शिकायतकर्ता ने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ-साथ सामाजिक एवं धार्मिक मर्यादाओं का सम्मान करते हुए किया जाना चाहिए तथा किसी भी धर्म या महापुरुष के प्रति अपमानजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।