बिलासपुर में अब 3 घंटे में घर पहुंचेगा 10 किलो का एलपीजी सिलेंडर,3,186 रुपए सिक्योरिटी और 1,700 में रिफिल, कनेक्शन के लिए केवल पहचान पत्र जरूरी

बिलासपुर।अब बिलासपुर में भी 10 किलो का फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध होगा। शहर में इसकी शुरुआत हो चुकी है। शुरुआत में शहर की चार गैस एजेंसियों शारदा गैस सर्विस, महामाया इंडेन, साई प्रसाद गैस और वर्तिका इंडेन डिस्ट्रीब्यूटर के माध्यम से यह सुविधा उपलब्ध होगी। ग्राह । ग्राहक सिलेंडर की बुकिंग कर सकेंगे और ब्लिंकिट के
जरिए ऑर्डर मिलने के बाद एजेंसी से सिलेंडर की डिलीवरी कराई जाएगी। एफटीएल सिलेंडर के लिए ग्राहक को 3,186 रुपए की सिक्योरिटी राशि जमा करनी होगी। इसके बाद सिलेंडर की रिफिलिंग कीमत 1,700 रुपए प्रति सिलेंडर निर्धारित की गई है। कनेक्शन लेने के लिए ग्राहक को केवल पहचान पत्र देना होगा। इस व्यवस्था से नए कनेक्शन के लिए दस्तावेजी प्रक्रिया भी अपेक्षाकृत आसान होगी।
बुकिंग के तीन घंटे के भीतर डिलीवरी
इंडियन ऑयल ने एलपीजी ग्राहकों के लिए एक्सप्रेस डिलीवरी की सुविधा भी शुरू की है। इसके तहत बुकिंग के अधिकतम तीन घंटे के भीतर सिलेंडर ग्राहक के घर पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। बिलासपुर में एफटीएल सिलेंडर की बुकिंग के बाद भी इसी त्वरित डिलीवरी व्यवस्था का लाभ मिलने की बात कही गई है। ग्राहक इंडियन ऑइल वन ऐप और इंडियन ऑयल की कस्टमर वेबसाइट के माध्यम से नए कनेक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन तथा रिफिल की बुकिंग कर सकेंगे। कंपनी के अनुसार, एक्सप्रेस डिलीवरी की सुविधा इंडेन डिस्ट्रीब्यूटर नेटवर्क और चुनिंदा इंडियन ऑयल रिटेल आउटलेट्स के माध्यम से उपलब्ध होगी।
अपनी सुविधा के समय पर भी मंगा सकेंगे सिलेंडर
एक्सप्रेस डिलीवरी के अलावा ग्राहकों को अपनी सुविधा के अनुसार डिलीवरी का समय चुनने का विकल्प भी मिलेगा। इससे नौकरीपेशा लोगों और दिनभर घर से बाहर रहने वाले ग्राहकों को विशेष सुविधा होगी। एफटीएल सिलेंडर की नई व्यवस्था का उद्देश्य ग्राहकों को तेज डिलीवरी करना है। बिलासपुर में शुरुआत चार एजेंसियों से शारदा गैस सर्विस, महामाया इंडेन, साई प्रसाद गैस और वर्तिका इंडेन डिस्ट्रीब्यूटर के जरिए फिलहाल 10 किलो का एफटीएल सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। ब्लिंकिट पर बुकिंग के बाद ऑर्डर संबंधित एजेंसी तक पहुंचेगा और इसके बाद डिलीवरी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
हल्का होगा एक्स्ट्रालाइट नाउ सिलेंडर
फूड कंट्रोलर अमृत कुजूर ने बताया कि यह सिलेंडर एक्स्ट्रालाइट नाउ के नाम से बाजार में उपलब्ध होगा। इसकी सबसे बड़ी खासियत इसका कंपोजिट मटेरियल से तैयार होना है। सामान्य सिलेंडर की तुलना में यह वजन में हल्का होगा। कंपोजिट मटेरियल होने के कारण इसमें जंग लगने की परेशानी भी कम होगी। इसे खास तौर पर शहरी परिवारों, छोटे परिवारों, पेशेवरों और ऐसे ग्राहकों को ध्यान में रखकर बाजार में उतारा जा रहा है, जिन्हें हल्का और सुविधाजनक सिलेंडर चाहिए।