चोरी की बाइक का नंबर प्लेट निकालकर घूम रहे थे आरोपी,तोरवा पुलिस ने दो को पकड़ा,होटल इंटरसिटी के पास से चोरी हुई यामाहा बाइक बरामद

बिलासपुर। तोरवा पुलिस ने चोरी की बाइक के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की यामाहा मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 10 बी क्यू 4051, जिसकी कीमत करीब 30 हजार रुपए बताई गई है, बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी की बाइक का नंबर प्लेट निकालकर उसे लेकर घूम रहे थे। वाहन जांच के दौरान पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई को साहिल सिंह, निवासी इंटरसिटी होटल के पास तोरवा, ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि होटल इंटरसिटी तोरवा के पास खड़ी उसकी यामाहा मोटरसाइकिल को कोई व्यक्ति चोरी कर ले गया है। शिकायत पर तोरवा थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
नंबर प्लेट निकालकर चला रहे थे बाइक
चोरी की घटना के बाद पुलिस ने वाहन और आरोपी की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में वाहन चेकिंग की जा रही थी। चेकिंग के दौरान दो व्यक्ति ऐसी बाइक चलाते हुए मिले, जिस पर नंबर प्लेट नहीं थी।
पुलिस ने संदेह के आधार पर दोनों को रोककर पूछताछ की और वाहन के संबंध में दस्तावेज मांगे। जांच में बाइक चोरी की निकली। पुलिस ने वाहन की पहचान करने के बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।पुलिस ने आरोपियों की पहचान पवन पटेल (19), निवासी पाठकपारा वार्ड नंबर 6, तखतपुर और शेख इरफान (23), निवासी बड़े बेरला, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली के रूप में की है।
पूछताछ और जांच के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की यामाहा मोटरसाइकिल बरामद कर ली। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस की वाहन चेकिंग के दौरान चोरी की बाइक बरामद होने से मामले का खुलासा हुआ। पुलिस अब आरोपियों से चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।