Blog

मॉर्निंग वॉक पर निकला रिटायर्ड इंजीनियर का परिवार

50 मिनट में 5 तोला सोना पारसीपत के खम्हरिया में सूने मकान को बनाया निशाना

ताला तोड़कर लॉकर से जेवर ले गए चोर

बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के सोंठी मार्ग स्थित ग्राम खम्हरिया में चोरों ने एक रिटायर्ड जूनियर इंजीनियर के सूने मकान को निशाना बनाकर करीब 5 तोला सोने के जेवर और चांदी के आभूषण पार कर दिए। परिवार के लोग सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। करीब 50 मिनट बाद लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने आलमारी का लॉकर तोड़कर जेवरात चोरी किए।

दरअसल ग्राम खम्हरिया निवासी सुंदर लाल मैत्री कोरबा एनटीपीसी से जूनियर इंजीनियर के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। मंगलवार सुबह करीब 5:10 बजे वे अपनी पत्नी जय श्री मैत्री के साथ रोज की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। करीब 6 बजे दोनों वापस लौटे तो मकान के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था।
घर के अंदर पहुंचने पर सामान अस्त-व्यस्त मिला। आलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ था। जांच करने पर लॉकर में रखा सोने का रानी हार सेट, चूड़ी, अंगूठी, चेन और कान के टॉप्स समेत करीब 5 तोला सोना गायब मिला। चांदी के आभूषण भी चोरी हुए हैं।चोरों ने आलमारी और लॉकर को खंगाला, लेकिन घर में रखी नकदी उनके हाथ नहीं लगी। पुलिस के अनुसार आलमारी के नीचे दराज में 50 हजार रुपए नकद रखे थे, जो सुरक्षित मिले। माना जा रहा है कि जल्दबाजी में चोरों की नजर इस दराज तक नहीं पहुंची।

मॉर्निंग वॉक का समय जानते थे चोर

घटना के बाद पुलिस को आशंका है कि चोरी से पहले मकान की रेकी की गई होगी। परिवार के रोजाना सुबह 5 से 6 बजे के बीच मॉर्निंग वॉक पर जाने की जानकारी चोरों को थी। इसी दौरान मकान के सूना होने का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया गया।पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। संदिग्ध लोगों और वाहनों की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।

चोरों के खिलाफ मामला दर्ज

सीपत थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि सुंदर लाल मैत्री की रिपोर्ट पर चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र से सुराग जुटा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *