Blog

एक महीने में शुरू होगी नई मल्टीलेवल पार्किंग, कार खुद होगी पार्क,नंबर प्लेट स्कैनिंग और फायर सिस्टम की भी सुविधा

पुराना बस स्टैंड में 12.60 करोड़ की लागत से बन रही ऑटोमेटेड शटल टाइप पार्किंग अंतिम चरण में

कमिश्नर ने निरीक्षण कर तेजी से काम पूरा करने के दिए निर्देश

बिलासपुर। शहर के पुराने बस स्टैंड में लंबे इंतजार के बाद ऑटोमेटेड मल्टीलेवल शटल टाइप कार पार्किंग का काम अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। करीब 12 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रही इस पार्किंग के अगले एक महीने में शुरू होने की उम्मीद है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि वाहन चालक को कार लेकर केवल पार्किंग के निर्धारित ग्राउंड फ्लोर तक पहुंचना होगा। इसके बाद लिफ्ट और स्वचालित शटल सिस्टम कार को खुद निर्धारित पार्किंग स्लॉट तक पहुंचाकर पार्क करेगा।

नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने निर्माणाधीन पार्किंग भवन का निरीक्षण किया और अंतिम चरण में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने शेष कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को दिए, ताकि निर्धारित समय में पार्किंग को शुरू किया जा सके।

80 कारों की होगी पार्किंग क्षमता

करीब 10,500 वर्गफीट क्षेत्रफल में तैयार की जा रही यह मल्टीलेवल पार्किंग ग्राउंड फ्लोर के अलावा चार मंजिल की होगी। इसमें एक साथ करीब 80 कारों को पार्क किया जा सकेगा। ग्राउंड फ्लोर पर दोपहिया वाहनों के लिए भी पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
ऑटोमेटेड व्यवस्था के कारण वाहन चालकों को खुद पार्किंग के अलग-अलग फ्लोर पर जाकर जगह तलाशने की जरूरत नहीं होगी। कार को निर्धारित स्थान पर खड़ा करने के बाद स्वचालित सिस्टम उसे लिफ्ट और शटल की मदद से उपलब्ध स्लॉट तक पहुंचाएगा।

प्रवेश पर नंबर प्लेट होगी स्कैन

पार्किंग को आधुनिक तकनीक से लैस किया जा रहा है। प्रवेश के दौरान वाहनों की नंबर प्लेट ऑटोमेटिक स्कैन होगी। इससे वाहन की एंट्री प्रक्रिया को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। पार्किंग में आग जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर फाइटिंग सिस्टम भी लगाया जा रहा है।पार्किंग शुरू करने से पहले स्वचालित सिस्टम, लिफ्ट, शटल, नंबर प्लेट स्कैनिंग और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का तकनीकी परीक्षण किया जाएगा। सुरक्षा मानकों की जांच के बाद ही इसे आम लोगों के लिए शुरू किए जाने की तैयारी है।

कम जगह में अधिक वाहन, शहर को मिलेगी बड़ी पार्किंग सुविधा

पुराना बस स्टैंड शहर के व्यस्त इलाकों में शामिल है। यहां बड़ी संख्या में लोग रोजाना पहुंचते हैं और वाहनों की पार्किंग एक बड़ी समस्या बनी रहती है। सड़क किनारे वाहनों के खड़े होने से कई बार यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है।ऑटोमेटेड मल्टीलेवल पार्किंग शुरू होने के बाद इस क्षेत्र में पार्किंग की समस्या कम होने की उम्मीद है। खासकर कम जमीन में अधिक कारों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा करने की सुविधा मिलने से सड़क किनारे बेतरतीब पार्किंग पर भी अंकुश लग सकता है।

2019 में टेंडर, 2022 में शुरू हुआ काम; तीन साल की देरी

पुराना बस स्टैंड की यह पार्किंग परियोजना लंबे समय से निर्माण में देरी को लेकर चर्चा में रही है। करीब 12.60 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजना का टेंडर वर्ष 2019 में निकाला गया था, लेकिन पांचवीं बार में ठेकेदार मिल सका।
इसके बाद वर्ष 2022 में निर्माण कार्य शुरू हुआ और इसे 2023 में पूरा किया जाना था। निर्धारित समय में काम पूरा नहीं होने पर एक वर्ष का एक्सटेंशन भी दिया गया, लेकिन इसके बावजूद परियोजना पूरी नहीं हो सकी। अब करीब तीन वर्ष की देरी के बाद यह प्रोजेक्ट अंतिम चरण में पहुंचा है।
नगर निगम प्रशासन का प्रयास है कि बचे हुए निर्माण और तकनीकी कार्यों को जल्द पूरा कर पार्किंग को लगभग एक महीने में शुरू कर दिया जाए। यदि योजना के अनुसार काम पूरा हुआ तो शहर को पहली बार ऐसी पार्किंग सुविधा मिलेगी, जहां वाहन चालक कार को निर्धारित स्थान पर छोड़ने के बाद ऑटोमेटेड सिस्टम के जरिए कार खुद पार्क हो जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *