शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो तलवार-रॉड लेकर पहुंचा युवक, कार में तोड़फोड़,सिटी कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई

,
तलवार, लोहे की रॉड और ब्लेड जब्त
बिलासपुर। शराब पीने के लिए पैसे मांगने और पैसे देने से इनकार करने पर तलवार एवं लोहे की रॉड दिखाकर धमकी देने तथा कार में तोड़फोड़ करने वाले आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार लोहे की तलवार, लोहे की रॉड और ब्लेड बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, राहुल गुप्ता 26 निवासी शांति नगर मंगला ने सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 14 अगस्त 2026 की शाम करीब 7:30 बजे वह अपने भाई के साथ कश्यप कॉलोनी स्थित बरसैया ट्रेडर्स में मौजूद था। इसी दौरान अनुराग कश्यप 22 निवासी पुराना बस स्टैंड, सूर्या होटल के पास, शराब के नशे में लोहे की रॉड लेकर जबरन दुकान में घुस आया।
आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से मना करने पर उसने मारपीट करने की धमकी दी। कुछ देर बाद आरोपी अपने घर से धारदार तलवार और लोहे की रॉड लेकर दोबारा दुकान पहुंचा और फिर पैसों की मांग करने लगा।
पैसे नहीं मिलने पर आरोपी ने दुकान के बाहर खड़ी कार क्रमांक सीजी 10 बीएस 8468 में तोड़फोड़ कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के दौरान आरोपी अपने पास रखे ब्लेड से खुद के शरीर को काटने लगा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी गाली-गलौज और धमकी देते हुए वहां से फरार हो गया।
शिकायत मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने पतासाजी और घेराबंदी कर अनुराग कश्यप को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक धारदार लोहे की तलवार, एक लोहे की रॉड और एक ब्लेड बरामद कर जब्त किया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।