Blog

शतरंज खेलने गया लोको पायलट..घर में चोरों ने चली चाल….पार हो गया 4.50 लाख का जेवर

सरकंडा पुलिस जांच में जुटी

सूनेपन का फायदा उठाकर चोरों ने किया लाखों का माल पार

बिलासपुर।राजकिशोर नगर के पंचाली विहार में रेलवे लोको पायलट के सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाकर करीब 4.50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर पार कर दिए। परिवार बच्चे की शतरंज प्रतियोगिता में शामिल होने भिलाई गया था और पीछे चोरों ने घर के चैनल गेट और मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। चोरी का पता पड़ोसी की सूचना से चला।

दरअसल पंचाली विहार निवासी सतानंद जंघेल रेलवे में लोको पायलट हैं। 14 अगस्त की सुबह करीब 5 बजे वह परिवार के साथ बच्चे की शतरंज प्रतियोगिता में शामिल होने भिलाई रवाना हुए। घर सूना था। अगले दिन 15 अगस्त की सुबह करीब 6.13 बजे पड़ोसी राजेश सोनी की नजर जंघेल के मकान पर पड़ी। चैनल गेट का ताला टूटा था और मुख्य दरवाजा भी क्षतिग्रस्त नजर आया। उन्होंने तत्काल फोन कर जंघेल को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही परिवार भिलाई से बिलासपुर के लिए रवाना हुआ और करीब 9 बजे घर पहुंचा। भीतर दाखिल होते ही चोरी का पूरा मंजर सामने आ गया। दरवाजे और चैनल गेट को तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने बेडरूम में रखी आलमारी का लॉकर भी तोड़ दिया था। सामान बिखरा पड़ा था और लॉकर में रखे जेवर गायब थे।

परिवार के मुताबिक चोरी गए सामान में तीन सोने के सेट, दो सोने की चेन, डायमंड रिंग, अन्य अंगूठियां, दो मंगलसूत्र, सोने की चूड़ियां, चोकर, सीताहार और बालियां शामिल हैं। इसके अलावा चार जोड़ी चांदी की पायल और 10 बिछिया भी चोरी हुई हैं। पीड़ित ने जेवरात की अनुमानित कीमत करीब 4.50 लाख रुपये बताई है।

मकान की रेकी या संयोग

जिस तरह परिवार के निकलने के अगले दिन वारदात सामने आई, उससे पुलिस के सामने यह सवाल भी है कि चोरों ने मकान की पहले से रेकी की थी या उन्हें परिवार के बाहर जाने की जानकारी थी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ आने-जाने वाले संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।

जांच में जुटी सरकंडा पुलिस

सरकंडा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(ए) और 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से मिले संभावित सुरागों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *