चिल्हाटी में 2.81 लाख की सेंधमारी,लगातार चोरी के बावजूद पुलिस के हाथ खाली,पचपेड़ी क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद

बिलासपुर । पचपेड़ी थाना क्षेत्र में एक बार फिर बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। ग्राम चिल्हाटी निवासी जब्बार खान के घर को चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब 2 लाख 81 हजार 608 रुपये कीमती सोने-चांदी के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात उस समय हुई, जब परिवार घर में ताला लगाकर रिश्तेदार के यहां गया हुआ था। पीड़ित की शिकायत पर पचपेड़ी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक जब्बार खान खेती-किसानी एवं रोजी-मजदूरी का काम करता है। उसने अपनी साली के यहां से 1.50 लाख रुपये नगद लेकर घर की अलमारी में रखे थे। अलमारी में पहले से उसकी पत्नी के सोने-चांदी के जेवर और उसकी साली की बेटी की शादी के लिए खरीदे गए आभूषण भी रखे हुए थे।
इसके बाद 14 अगस्त की सुबह करीब 11 बजे जब्बार खान और उसकी पत्नी वाहिदा अपने पुत्र अरमान से मिलने सरगांव चले गए थे। दोनों रात वहीं रुके और 15 अगस्त की शाम करीब 7 बजे वापस घर पहुंचे। घर पहुंचने पर सामने लगे गेट का ताला खोलते समय उन्हें कुछ असामान्य नजर आया। अंदर जाकर देखा तो घर का ताला टूटा हुआ था और दरवाजा खुला था। इसके बाद अलमारी की जांच की गई तो उसका ताला भी टूटा मिला। अलमारी में रखी नगदी और सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। चोरी गए सामान में सोने की माला, लाकेट, अन्य आभूषण, चांदी की पायल, बिछिया, चूड़ा सहित नगदी शामिल है। पीड़ित के अनुसार चोरों ने कुल 2,81,608 रुपये कीमत के सामान और नगदी पर हाथ साफ किया है। घटना की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लगातार चोरी की घटनाओं से बढ़ी चिंता
अब पुलिस के सामने चोरों तक पहुंचने और चोरी गए माल की बरामदगी की चुनौती है।
पचपेड़ी थाना क्षेत्र में चोरी की यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब क्षेत्र में पहले भी लगातार चोरी की वारदातें सामने आती रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई मामलों में अब तक आरोपियों तक पुलिस नहीं पहुंच सकी है। ऐसे में चिल्हाटी की इस बड़ी चोरी ने एक बार फिर पुलिस की गश्त और अपराध नियंत्रण व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बावजूद बदमाशों में पुलिस का खौफ नजर नहीं आ रहा है।