ओडिशा में बना लो-प्रेशर सिस्टम, छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन बढ़ेगी बारिश,सरगुजा से रायपुर-बिलासपुर तक भारी बारिश का अनुमान

बिलासपुर। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे ओडिशा व गांगेय पश्चिम बंगाल के तट पर बने कम दबाव के क्षेत्र के असर से छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों ने सरगुजा से रायपुर संभाग तक भारी बारिश का अनुमान जताया है। बिलासपुर संभाग में भी तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, यह सिस्टम अगले 24 से 48 घंटों में और मजबूत होकर झारखंड की ओर बढ़ेगा और इसके बाद छत्तीसगढ़ की ओर आएगा।
बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आने के कारण अगले पांच दिनों तक प्रदेश में बारिश की गतिविधि बढ़ने का अनुमान है। अगले तीन दिनों में सरगुजा, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र मजबूत स्थिति में है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। मानसून द्रोणिका भी कम दबाव के क्षेत्र के केंद्र से होकर गुजर रही है। इसके चलते छत्तीसगढ़ में नमी बढ़ रही है। सिस्टम के झारखंड होते हुए छत्तीसगढ़ के मध्य और उत्तरी हिस्सों में पहुंचने के बाद बादल और घने होने तथा कई क्षेत्रों में लगातार बारिश होने की संभावना है।
बारिश की कमी दूर होने की उम्मीद
छत्तीसगढ़ में इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से करीब 4 फीसदी कम बारिश हुई है। 1 जून से 29 अगस्त तक प्रदेश में सामान्य बारिश 913.5 मिमी के मुकाबले 881.1 मिमी औसत बारिश रिकॉर्ड की गई है। आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होने से प्रदेश में बारिश की कमी दूर होने और आंकड़ा सामान्य से ऊपर जाने की उम्मीद है।कम बारिश वाले जिलों के लिए यह सिस्टम राहत लेकर आ सकता है। बेमेतरा में 41 फीसदी, सरगुजा में 40 फीसदी, कांकेर में 39 फीसदी, जशपुर में 33 फीसदी, कोरिया और कबीरधाम में 20-20 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।
हालांकि बिलासपुर जिले में स्थिति इसके उलट है। यहां 1 जून से अब तक 896.1 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से करीब 7 फीसदी अधिक है।
दोपहर बाद बदला मौसम, शहर में 6 मिमी बारिश
शनिवार सुबह बिलासपुर में मौसम सामान्य रहा और धूप खिली रही। दोपहर बाद अचानक आसमान में घने काले बादल छा गए। शाम करीब 4 बजे के बाद शहर के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश से उमस से परेशान लोगों को राहत मिली।मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, शनिवार को बिलासपुर का अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री कम रहा। शाम 5:30 बजे तक शहर में 6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश के बाद विनोबा नगर समेत कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया।