वाहन चालक संघ एवं ऑटोे संघ के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित,भारी वाहनों के शहर प्रवेश, व्यवस्थित पार्किंग, सीसीटीवी बैकअप एवं यातायात नियमों के पालन को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय

बिलासपुर /मुंगेली/ शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए एसएसपी भोजराम पटेल के निर्देशन में यातायात शाखा मुंगेली में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुंगेली चैंबर्स ऑफ कामर्स के अध्यक्ष राजकुमार वाधवा, गणमान्य व्यवसायीगण, ड्राइवर संघ अध्यक्ष महेश जायसवाल, ऑटो संघ अध्यक्ष गज्जू पात्रे, बस यूनियन के सदस्यगण सहित यातायात शाखा के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने एवं आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा प्रदान करने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित व्यवसायियों एवं वाहन संघ के पदाधिकारियों द्वारा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने में पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग प्रदान करने पर सहमति व्यक्त की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शहर के सभी दुकानदार अपनी दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों का न्यूनतम 10 दिवस का बैकअप सुरक्षित रखेंगे तथा कैमरों को इस प्रकार स्थापित करेंगे कि सड़क एवं दुकान के आसपास की गतिविधियां स्पष्ट रूप से रिकार्ड हो सकें। सभी वाहन चालक यातायात नियमों एवं यातायात संकेतों का पालन करेंगे।
शहर में प्रातः 10 बजे से रात्रि 10 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। दुकानदार अपनी दुकानों के सामने वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग कराएंगे तथा निर्धारित पीली एवं सफेद पट्टी के अंदर ही वाहनों को खड़ा कराया जाएगा। बस चालक निर्धारित स्थान पर ही यात्रियों को उतारेंगे एवं बैठाएंगे तथा माल वाहनों में यात्रियों को नहीं बैठाया जाएगा साथ ही वाहन चालकों को नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा अभिभावकों को अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए नहीं देने की समझाइश दी गई।
‘‘साइबर जागृति अभियान’’ के तहत जागरूकता
बैठक के दौरान साइबर जागृति अभियान के तहत उपस्थित व्यवसायियों, वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। लोगों को साइबर ठगी से सतर्क रहने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने तथा साइबर अपराध घटित होने पर तत्काल शिकायत करने के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही अभियान के तहत मैं जागरूक हूँ, साइबर क्राइम से मुक्त हूँ” संदेश वाली सेल्फी स्टैण्ड के माध्यम से उपस्थित लोगों द्वारा सेल्फी लेकर साइबर अपराध के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया तथा आमजन को साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक किया गया।
व्यवसायियों द्वारा दिए गए सुझाव
बैठक में उपस्थित व्यवसायियों द्वारा शहर की यातायात एवं नागरिक सुविधाओं से संबंधित विभिन्न सुझाव भी दिए गए। इनमें शहर के चौक-चौराहों में बैठे गाय-बछडा़े को हटाने की व्यवस्था, शहर में संचालित ऑटो चालकों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल तय करने, जिला कलेक्टर कार्यालय के सामने सड़क पर विगत दो माह से प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण उचित लाइट की व्यवस्था कराने, दाऊपारा चौक के पास यात्री प्रतीक्षालय बनवाने तथा हाथ ठेला एवं फेरी वालों के लिए निर्धारित स्थान चिन्हित करने संबंधी सुझाव प्रमुख रहे।